ठेकेदार, राजमिस्त्री और मजदूरों ने बुलंद की हक की आवाज
सुपेला घड़ी चौक से डबरापारा तक निकलेगी पदयात्रा, 200 से 250 लोग होंगे शामिल; अधिकार और सम्मान के लिए एकजुट होने का आह्वान
भिलाई। ठेकेदार, राजमिस्त्री और मजदूरों के सम्मान, अधिकार एवं स्वाभिमान को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश ठेकेदार राजमिस्त्री मजदूर कल्याण संघ के आह्वान पर भिलाई में पदयात्रा निकाली जाएगी। सिविल ठेकेदार कल्याण संघ, भिलाई के जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश राजपूत के नेतृत्व में प्रस्तावित पदयात्रा में करीब 200 से 250 ठेकेदार, राजमिस्त्री और मजदूर शामिल होंगे। पदयात्रा सुपेला घड़ी चौक से शुरू होकर डबरापारा ओवरब्रिज के नीचे पहुंचेगी, जहां सभा का आयोजन किया जाएगा।
संघ के प्रदेश एवं जिला पदाधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। पदयात्रा के माध्यम से निर्माण क्षेत्र से जुड़े कामगारों की समस्याओं, अधिकारों और उनके सामने आने वाली चुनौतियों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
काम में उलझे रहते हैं, हक की लड़ाई से दूर हो जाते हैं
संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि राजमिस्त्री और मजदूर रोजमर्रा के काम में इतने व्यस्त रहते हैं कि अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने और संगठित होकर संघर्ष करने का समय नहीं निकाल पाते। इसका फायदा उठाकर कई बार उन्हें आर्थिक और सामाजिक शोषण का सामना करना पड़ता है।
पदाधिकारियों ने कहा कि मेहनत करने के बावजूद बड़ी संख्या में कामगार आर्थिक रूप से पिछड़े हुए हैं। अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता और संगठन की कमी के कारण वे अपनी समस्याओं को मजबूती से सामने नहीं रख पाते।
एकजुट होकर अधिकारों के लिए संघर्ष का संदेश
संघ का कहना है कि निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार, राजमिस्त्री और मजदूर एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। इसलिए अपने अधिकारों और सम्मान के लिए उन्हें संगठित होकर आगे आने की जरूरत है। इसी उद्देश्य से संघ का गठन किया गया है, ताकि कामगारों की समस्याओं को सामूहिक मंच पर उठाया जा सके।
पदयात्रा के बाद आयोजित सभा में प्रदेश और जिला पदाधिकारी संगठन की आगामी रणनीति और कामगारों के हितों से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखेंगे। संघ ने निर्माण क्षेत्र से जुड़े अधिक से अधिक लोगों से पदयात्रा में शामिल होकर एकजुटता प्रदर्शित करने की अपील की है।
suntimes 