देर रात बार में बीयर बिक्री का वीडियो वायरल, मैनेजर-गार्ड पर पुलिस की कार्रवाई

पंडरी के सोनू बार में वायरल वीडियो की जांच शुरू; CCTV का DVR जब्त, दोनों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, लाइसेंस निलंबन की तैयारी

देर रात बार में बीयर बिक्री का वीडियो वायरल, मैनेजर-गार्ड पर पुलिस की कार्रवाई

रायपुर। पंडरी स्थित सोनू बार एंड रेस्टोरेंट में देर रात बीयर उपलब्ध कराने का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। वायरल वीडियो में बार का गार्ड एक व्यक्ति को बीयर की बोतल देता दिखाई दे रहा है। मामला सामने आने के बाद देवेंद्र नगर पुलिस ने बार पहुंचकर वीडियो की पुष्टि की और कर्मचारियों से पूछताछ की।

पुलिस टीम ने 2 सितंबर को बार में जांच की। मैनेजर कानू चरण दास और गार्ड रमाकांत द्विवेदी से पूछताछ के बाद दोनों के खिलाफ BNSS की धारा 170, 126 और 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

CCTV फुटेज से खुलेगा पूरा मामला

पुलिस ने बार में लगे CCTV कैमरों का DVR जब्त कर लिया है। अब फुटेज की जांच के जरिए यह पता लगाया जा रहा है कि वायरल वीडियो कब बनाया गया और संबंधित व्यक्ति को किस समय तथा किन परिस्थितियों में बीयर उपलब्ध कराई गई थी। वीडियो में नजर आ रहे व्यक्ति की पहचान भी की जा रही है।

लाइसेंस पर भी कार्रवाई संभव

पुलिस के मुताबिक मामले को गंभीरता से लेते हुए सोनू-मोनू बार के लाइसेंस के निलंबन की कार्रवाई प्रस्तावित की जा रही है। CCTV जांच और पूछताछ में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।

कार्रवाई की जद में आए मैनेजर कानू चरण दास (45) तेलीबांधा और गार्ड रमाकांत द्विवेदी (48) झंडा चौक, पंडरी के निवासी हैं।