भूपेश बघेल के नाम और काम पर चुनाव लड़ेगी कांग्रेस':कुमारी सेलजा बोलीं- जहां जरूरी होगा पार्टी बदलाव करेगी,भाजपा के पास कोई मुद्दा नहीं है

भूपेश बघेल के नाम और काम पर चुनाव लड़ेगी कांग्रेस':कुमारी सेलजा बोलीं- जहां जरूरी होगा पार्टी बदलाव करेगी,भाजपा के पास कोई मुद्दा नहीं है

भूपेश बघेल के नाम और काम पर चुनाव लड़ेगी कांग्रेस':कुमारी सेलजा बोलीं- जहां जरूरी होगा पार्टी बदलाव करेगी,भाजपा के पास कोई मुद्दा नहीं है

छत्तीसगढ़     कांग्रेस 2023 का चुनाव मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के चेहरे पर लड़ेगी। सभी विधायकों को टिकट मिले यह जरूरी नहीं, पार्टी सर्वे कराएगी, वरिष्ठ नेताओं से राय ली जाएगी। इसके बाद जो जीतने वाला उम्मीदवार होगा उसे ही टिकट दिया जाएगा। प्रदेश कांग्रेस कमेटी में जहां जरूरी होगा वहीं बदलाव किए जाएंगे। भाजपा के पास कोई मुद्दा नहीं है, इसलिए वह बदलाव कर चर्चा में आना चाहती है। यह कहना है कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी सेलजा का।

प्रदेश प्रभारी बनने के बाद कुमारी सेलजा का पहला इंटरव्यू

  • चुनाव करीब है, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से लेकर जिला अध्यक्ष तक बदल चुकी है, कांग्रेस में बदलाव कब होगा?

-भाजपा को समझ नहीं आ रहा कि क्या करें। इसलिए कहीं कुछ बदलाव तो कही कुछ दिखाना चाह रही है। हम अपने काम के आधार पर जा रहे हैं। हमारे कार्यकर्ता काम कर रहे हैं। हम देखेंगे कि कहां पर क्या लग रहा है, उस हिसाब से बदलाव होगा।

  • राज्य में लगातार ईडी की रेड चल रही है। चुनाव के पहले ऐसी कार्रवाई पर क्या कहेंगी?

-भारतीय जनता पार्टी घबराई हुई है, हताश है। भाजपा का 15 साल कुशासन और भ्रष्टाचार में लिप्त था। तभी तो जनता ने उन्हें इस तरह नकारा कि कांग्रेस को 68 सीटें दे दीं। छत्तीसगढ़ में हर कोई चाहता है कि कांग्रेस की दोबारा सरकार बनें, वरना चार साल बाद लोग यह कहने लगते हैं कि, अब तो बदलाव जरूरी है। यहां पर तो लोग उतनी ही दृढ़ता से कह रहे हैं कि फिर कांग्रेस आये। इसलिए हताश होकर केंद्र सरकार इन एजेंसियों का दुरुपयोग कर यहां छापे मार रही है। ये चाहते हैं भय का ऐसा वातावरण बनें कि सभी लोग सहम जाएं।

  • ऐसी कार्रवाईयों से कांग्रेस कैसे निपटेगी?

-हमारा नाता सीधा लोगों से है, हमारा काम है, हमारा नेतृत्व है। इन तीनों चीजों से हम इतने मजबूत हैं, कि भाजपा के इन हथकंडों से घबराने वाले नहीं है।

  • इस बार चुनाव के मुद्दे क्या होंगे?

-वर्तमान में हमारे तीन मुद्दे हैं। पहला लोकतंत्र पर हमला, दूसरा केंद्र में बैठी भाजपा की गलत नीतियां, भ्रष्टाचार और तीसरा छत्तीसगढ़ में सरकार के काम। हालांकि विधानसभा चुनाव तक और बातें भी आएंगी।

  • पीसीसी में बदलाव कब तक होंगे?

-जो होगा राष्ट्रीय अध्यक्ष उचित समय उचित फैसला लेंगे। सीडब्ल्यूसी बनना है। राज्य की राजनैतिक स्थिति देखते हुए यहां के परिपेक्ष्य में क्या उचित है, इस पर राष्ट्रीय अध्यक्ष फैसला लेंगे।

  • अगला चुनाव भूपेश बघेल के चेहरे पर लड़ा जाएगा क्या?

-मुख्यमंत्री हैं वो, इतने साल उन्होंने जो काम किया, इसलिए उनका चेहरा तो लोगों के बीच है ना। बाकी काम पार्टी करेगी। मुखिया मुख्यमंत्री हैं, लेकिन सभी वरिष्ठ और सहयाेगियों को साथ लेकर कार्यकर्ता मैदान में उतरेंगे। भाजपा के पास कोई चेहरा ही नहीं है, तो उनकी बात छोड़ दीजिए।

  • टिकट किस आधार पर दिया जाएगा?

-जीतने वाले चेहरों को ही टिकट दिया जाएगा। पार्टी सर्वे भी करवाती है। इसके अलावा भी कई चीजें सामने आती हैं, उस समय फैसला लिया जाएगा कि कहां पर क्या उचित है। हमारा एक ही लक्ष्य है कांग्रेस की सरकार बने। हम राहुल गांधी के साथ हुए अन्याय को जनता के बीच ले जाएंगे।

  • क्या विधायक के भी टिकट कटेंगे?

-कहां पर क्या ठीक बैठेगा, यह देखा जाएगा। पार्टी अधिकतम सीट जीतना चाहती है। इस बार लक्ष्य पिछली बार से भी ज्यादा का रखेंगे।