भारत के बांग्लादेश दौरे पर सस्पेंस खत्म करने की कवायद, सीरीज के लिए नई तारीख पर मंथन

6 मैचों का कार्यक्रम हुआ था स्थगित; तमिम इकबाल ने कहा- BCCI और BCB के बीच बातचीत जारी, दोनों चाहते हैं सीरीज हो

भारत के बांग्लादेश दौरे पर सस्पेंस खत्म करने की कवायद, सीरीज के लिए नई तारीख पर मंथन

ढाका (ए)। भारत-बांग्लादेश के बीच क्रिकेट रिश्तों में फिर से सकारात्मक संकेत दिखाई दे रहे हैं। अगस्त-सितंबर में प्रस्तावित तीन वनडे और तीन टी-20 मैचों की सीरीज फिलहाल स्थगित है, लेकिन इसे पूरी तरह रद्द नहीं किया गया है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष तमिम इकबाल ने बताया कि दोनों देशों के क्रिकेट बोर्ड नई तारीख तय करने के विकल्प पर काम कर रहे हैं।

तमिम ने कहा कि BCCI और BCB दोनों इस सीरीज को लेकर गंभीर हैं। दोनों देशों का क्रिकेट कैलेंडर व्यस्त होने के कारण ऐसी तारीख तय करने पर चर्चा हो रही है, जो दोनों टीमों के कार्यक्रम में फिट हो सके। उन्होंने बातचीत को सकारात्मक बताते हुए सीरीज होने की उम्मीद जताई।

एक संभावित तारीख पर भी विचार

तमिम के अनुसार बोर्ड स्तर पर सिर्फ सामान्य बातचीत नहीं हो रही, बल्कि संभावित तारीखों पर भी चर्चा की जा रही है। उन्होंने कहा कि अगर दोनों पक्ष सीरीज कराने के इच्छुक नहीं होते तो इस मुद्दे पर लगातार बातचीत नहीं होती।

उन्होंने यह भी संकेत दिया कि आने वाले दिनों में स्थिति स्पष्ट हो सकती है। दोनों बोर्ड अपने-अपने अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम को देखते हुए खाली विंडो तलाश रहे हैं।

2024 से अटका हुआ है दौरा

भारत का बांग्लादेश दौरा पहले 2024 में होना था। बांग्लादेश में हुए सरकार विरोधी आंदोलन और सत्ता परिवर्तन के बाद दौरे की परिस्थितियां बदल गईं। बाद में दोनों देशों के बीच क्रिकेट से जुड़े कुछ मुद्दों के कारण भी तनाव बढ़ा और सीरीज आगे टलती गई।

टीम इंडिया के दौरे में सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठे। तमिम इकबाल ने बांग्लादेश सरकार से भारत के साथ कूटनीतिक स्तर पर बातचीत कर भारतीय टीम की सुरक्षा को लेकर भरोसा दिलाने की अपील की है।

रिश्तों में सुधार से क्रिकेट को मिल सकता है फायदा

दोनों देशों के बीच राजनीतिक स्तर पर संपर्क बढ़ने को भी क्रिकेट सीरीज के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है। भारत की ओर से बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान को BRICS सम्मेलन का निमंत्रण दिए जाने और विदेश मंत्रियों के बीच बातचीत के बाद संबंधों में सुधार की उम्मीद बढ़ी है।

जानकारों का मानना है कि राजनीतिक और सुरक्षा परिस्थितियां सामान्य होती हैं तो क्रिकेट सीरीज के आयोजन की संभावना मजबूत हो सकती है।

मुस्तफिजुर मामले ने बढ़ाई थी तल्खी

IPL 2025 से पहले बांग्लादेश के क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान को कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम से हटाए जाने के बाद दोनों क्रिकेट बोर्ड के बीच तनाव बढ़ गया था। इसके बाद BCB ने टी-20 विश्व कप में अपनी टीम भेजने को लेकर सख्त रुख अपनाया था। भारत और श्रीलंका ने संयुक्त रूप से इस टूर्नामेंट की मेजबानी की थी।