भीषण बारिश के बीच महामृत्युंजय उद्यान में गूंजा हरियाली का संदेश, आर्टकॉम ने रोपे अल्फा पौधे
चार साल पहले लगाए पौधों को विशाल वृक्ष के रूप में देखकर खिले चेहरे, पुराने ट्री गार्ड का पुनः उपयोग कर नए पौधों को दिया संरक्षण
भिलाई। पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र विस्तार के संकल्प के साथ आर्टकॉम के “हर आँगन एक पेड़” अभियान की टीम ने रविवार को भीषण बारिश के बीच न्यू आदर्श नगर स्थित महामृत्युंजय उद्यान में पौधरोपण किया। उद्यान एवं कॉलोनीवासियों के आग्रह पर आयोजित इस कार्यक्रम में अल्फा पौधे रोपे गए। इस दौरान चार वर्ष पूर्व आर्टकॉम द्वारा लगाए गए पौधों को विशाल युवा वृक्षों के रूप में देखकर अभियान से जुड़े सदस्यों ने खुशी जाहिर की और पौधों की निरंतर देखभाल को पर्यावरण संरक्षण की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी बताया।
उद्यान पहुंचने के बाद आर्टकॉम के वरिष्ठ सदस्य सुदीप सनातनी ने चार वर्ष पूर्व संस्था द्वारा लगाए गए पौधों का अवलोकन कराया। उस समय लगाए गए छोटे पौधे आज विशाल युवा वृक्षों का रूप ले चुके हैं। उन्होंने कहा कि इन पौधों को संस्था ने अपने बच्चों की तरह संरक्षण और देखभाल का संकल्प लेकर लगाया था। आज इन्हें वृक्ष का रूप लेते देखना पूरे अभियान के लिए बेहद सुखद और प्रेरणादायक अनुभव है।
संस्था संचालक निशु पाण्डेय ने कहा कि “हर आँगन एक पेड़” केवल पौधे लगाने का अभियान नहीं, बल्कि लगाए गए पौधों को वृक्ष बनने तक उनकी देखभाल करने की सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश है। उन्होंने उन सभी संस्थाओं, समाजसेवियों और नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया, जिन्होंने आर्टकॉम द्वारा लगाए गए पौधों की बच्चों की तरह देखभाल की। उन्होंने कहा कि यही पौधे आज बड़े होकर समाज को जीवनदायी ऑक्सीजन प्रदान कर रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण के साथ देश की समृद्धि के लिए भी नारे लगाए। इस अवसर पर दुर्ग जिले को “हरिहर दुर्ग” बनाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि पूर्व में लगाए गए पौधों की सुरक्षा के लिए इस्तेमाल किए गए लोहे के ट्री गार्ड को नए पौधों के संरक्षण के लिए दोबारा उपयोग में लाया गया। इस पहल से पर्यावरण संरक्षण के साथ संसाधनों के पुनः उपयोग का सकारात्मक संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम में महामृत्युंजय उद्यान एवं कॉलोनीवासियों की ओर से सुदीप सनातनी, दरबारी लाल देशमुख, संजीव अग्रवाल, राजीव अग्रवाल, संजय डहरवाल, संजय कुमार शुक्ला, पोषण साहू, आशीष सिंगरौल, गुलशन दिल्लीवार, प्रांजल भारद्वाज एवं विक्रम सिंह उपस्थित रहे।
वहीं आर्टकॉम “हर आँगन एक पेड़” टीम की ओर से संरक्षक करमजीत सिंह, रजनीकांत अग्रवाल, अध्यक्ष गुरुनाम सिंह, मेघा कौर, रविन्द्र देवांगन, अमिताभ भट्टाचार्य, सी.पी. सिंह, श्रीराम भारद्वाज, भास्कर तिवारी, निशु पाण्डेय सहित अन्य सदस्य एवं पर्यावरण प्रेमी मौजूद रहे।
suntimes 