भिलाई में बर्थडे पार्टी पर हमला: शराब के पैसे न देने पर युवक पर टूटी बीयर बोतल से वार
सेक्टर-07 से जयंती स्टेडियम तक पीछा कर किया हमला, तीन आरोपियों पर केस दर्ज; घायल युवक अस्पताल पहुंचा
दुर्ग-भिलाई। शहर में एक जन्मदिन की खुशी उस वक्त हिंसा में बदल गई, जब कुछ युवकों ने शराब के लिए पैसे नहीं देने पर हमला कर दिया। घटना 20 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 11:40 बजे की है, जब के. पाल चक्रवर्ती अपने दोस्तों विशेष सिंह, निलम प्रतीक और के. जोएल के साथ सेक्टर-07 मार्केट के पास मैदान में जन्मदिन मना रहे थे।
इसी दौरान डी अजय, एस विजय और ए मयंक वहां पहुंचे और बिना किसी कारण गाली-गलौज करते हुए विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि उन्होंने विशेष सिंह के साथ मारपीट भी की। विवाद बढ़ता देख पीड़ित और उसके दोस्त वहां से निकलकर भिलाई क्लब के सामने स्थित जयंती स्टेडियम पहुंच गए और वहीं केक काटकर जन्मदिन मनाने लगे।
हालांकि, कुछ देर बाद आरोपी वहां भी पहुंच गए और फिर से विवाद शुरू कर दिया। उन्होंने युवकों से शराब पीने के लिए पैसे मांगे और मना करने पर जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान एक आरोपी ने बीयर की बोतल तोड़कर के. पाल की पीठ पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया और खून बहने लगा।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल युवक ने अपने पिता योगेश राव को जानकारी दी और उनके साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले में तीनों आरोपियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
suntimes 