दुर्ग के विकास मुद्दों को लेकर अरुण वोरा सक्रिय, रमन सिंह और राज्यपाल डेका से की मुलाकात

लंबित परियोजनाओं, नागरिक सुविधाओं और जनसमस्याओं पर हुई चर्चा; जल्द मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से भी मिलेंगे वोरा

दुर्ग के विकास मुद्दों को लेकर अरुण वोरा सक्रिय, रमन सिंह और राज्यपाल डेका से की मुलाकात

दुर्ग/रायपुर। दुर्ग शहर के समग्र विकास को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक अरुण वोरा ने राजधानी रायपुर में सक्रिय पहल करते हुए शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात की। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से उनके निवास पर सौजन्य भेंट कर दुर्ग शहर से जुड़े विकास कार्यों, अधोसंरचना परियोजनाओं तथा जनहित के मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।

बैठक के दौरान शहर की लंबित परियोजनाओं को शीघ्र पूरा कराने, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा विकास कार्यों में तेजी लाने जैसे विषय प्रमुखता से उठाए गए। वोरा ने कहा कि दुर्ग के संतुलित विकास के लिए राज्य स्तर पर बेहतर समन्वय और त्वरित निर्णय आवश्यक हैं।

इसी क्रम में अरुण वोरा ने छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका से भी शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने दुर्ग जिले की वर्तमान स्थिति, नागरिक समस्याओं और विकास योजनाओं को लेकर एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा।

वोरा ने बताया कि शहर में बिजली व्यवस्था, शहरी सुविधाओं, यातायात सुधार तथा लंबित विकास कार्यों के संबंध में वे शीघ्र ही मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से भी मुलाकात करेंगे।

उन्होंने कहा कि दुर्ग की जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे।