दुर्ग बायपास पर भीषण सड़क हादसा, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष की पुत्री का दुखद निधन

घायल तीन अन्य मित्रों का अस्पताल में इलाज जारी, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

भिलाई. दुर्ग बायपास रोड पर हुए भीषण सड़क हादसे में भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष स्वीटी कौशिक की पुत्री रिचा कौशिक (22) का दुखद निधन हो गया। गंभीर रूप से घायल रिचा को इलाज के लिए रायपुर ले जाया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। इस दुर्घटना में घायल तीन अन्य युवाओं का दुर्ग के आरोग्यम अस्पताल में इलाज चल रहा है।

दुर्ग बायपास रोड पर. शुक्रवार  दोपहर एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष स्वीटी कौशिक की पुत्री रिचा कौशिक (22) की जान चली गई। हादसा उस समय हुआ जब रिचा अपने दोस्तों के साथ स्कोडा कार में सवार होकर राजनांदगांव बायपास स्थित एक ढाबे में भोजन के लिए जा रही थी। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे कार में सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल दुर्ग के आरोग्यम अस्पताल ले जाया गया। वहां से हालत गंभीर होने पर रिचा को रायपुर रेफर किया गया, लेकिन सिर में गहरी चोट लगने के कारण डॉक्टरों की कोशिशें नाकाम रहीं और उन्होंने दम तोड़ दिया।

रात में निधन की खबर आते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। हाउसिंग बोर्ड औद्योगिक क्षेत्र स्थित निवास पर शोक व्यक्त करने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी। स्वीटी कौशिक के दो संतान—एक पुत्र और एक पुत्री थे। इस अचानक हुए हादसे ने पूरे परिवार को गमगीन कर दिया है।