पुलगांव में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई मिनी माता की पुण्यतिथि
अहिवारा विधायक डोमन लाल और पूर्व विधायक अरुण वोरा ने किया माल्यार्पण, सतनामी समाज के लोगों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
दुर्ग के पुलगांव स्थित मिनी माता चौक पर रविवार को छत्तीसगढ़ की पहली महिला सांसद मिनी माता की पुण्यतिथि श्रद्धा और गरिमा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर अहिवारा विधायक डोमन लाल, पूर्व विधायक अरुण वोरा, कांग्रेसजन और सतनामी समाज के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
दुर्ग। पुलगांव स्थित मिनी माता चौक में रविवार को छत्तीसगढ़ की प्रथम महिला सांसद मिनी माता की पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत अहिवारा विधायक डोमन लाल ने आरती और माल्यार्पण से की। इस दौरान सतनामी समाज के प्रमुखों के साथ समाज के सदस्य भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक अरुण वोरा सहित कांग्रेस कार्यकर्ता भी शामिल हुए। वक्ताओं ने मिनी माता के संघर्षमय जीवन और समाज सुधार में उनके योगदान को याद किया।
मिनी माता का जन्म असम में हुआ था, लेकिन उनकी कर्मभूमि छत्तीसगढ़ रही। उन्होंने हमेशा सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने और समाज के उत्थान के लिए कार्य किया। उनके जीवन के संघर्ष और सेवा भाव ने उन्हें लोगों के बीच अमर कर दिया।
suntimes 