CBI की छापेमारी के खिलाफ भिलाई में कांग्रेस का प्रदर्शन, भाजपा सरकार का फूंका पुतला

भूपेश बघेल और देवेंद्र यादव के ठिकानों पर छापे के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का हल्ला बोल, बोले – डरने वाले नहीं

भिलाई. छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव, पुलिस अधिकारियों और कई अन्य ठिकानों पर CBI की छापेमारी के बाद प्रदेशभर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। रायपुर, बिलासपुर के साथ भिलाई में भी कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और पुतला दहन कर अपना विरोध जताया। कांग्रेस नेताओं ने इसे राजनीति से प्रेरित कार्रवाई बताया और कहा कि ईडी और CBI का दुरुपयोग कर विपक्ष को दबाने की कोशिश की जा रही है।

गुरुवार को भिलाई के घड़ी चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी बड़ी संख्या में एकत्र हुए और भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया। इस दौरान पुलिस ने पुतला छीनने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने इसे जलाकर विरोध जारी रखा।

शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने इस कार्रवाई को राजनीति से प्रेरित बताते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार महादेव सट्टा मामले में मुख्य आरोपियों को पकड़ने के बजाय कांग्रेस नेताओं पर छापेमारी करवा रही है। उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल और देवेंद्र यादव जैसे मजबूत नेताओं पर दबाव बनाने के लिए CBI और ED का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता इन धमकियों से डरने वाले नहीं हैं।

CBI की छापेमारी और कांग्रेस की प्रतिक्रिया
26 मार्च को CBI की अलग-अलग टीमों ने दुर्ग-भिलाई में 14 स्थानों पर छापेमारी की। इसमें कई बड़े बिजनेसमैन, विधायक और पुलिस अधिकारी शामिल थे। CBI की कार्रवाई रात 9-10 बजे तक चली, जिसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई पूरी तरह राजनीति से प्रेरित है और सरकार विपक्ष को दबाने की कोशिश कर रही है।

CBI की छापेमारी के बाद छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया और साफ कहा कि वे डरने वाले नहीं हैं।