नौकरी का झांसा देकर 22 लाख की ठगी, चार गिरफ्तार

खाद निरीक्षक, पर्यवेक्षक व चपरासी पदों पर नियुक्ति का फर्जी आदेश दिखाकर ली रकम

थाना पुलगांव (अंजोरा) पुलिस ने नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपए हड़पने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। खाद निरीक्षक व अन्य पदों पर फर्जी नियुक्ति पत्र देकर आठ आवेदकों से 22 लाख रुपए की ठगी की गई। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।

दुर्ग। थाना पुलगांव (अंजोरा) में धोखाधड़ी का बड़ा मामला उजागर हुआ है। महमरा निवासी दीपेश कुमार निषाद ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके गांव के मनोज साहू ने अपने साथी मुकेश वर्मा और उसके भांजे रजत वर्मा के साथ मिलकर खाद निरीक्षक पद पर नौकरी लगाने का झांसा दिया। आरोपियों ने ₹4 लाख की मांग की, जिसमें से ₹2 लाख नगद व शेष रकम ऑनलाइन ली गई। इसके बाद फर्जी नियुक्ति आदेश व्हाट्सएप पर भेज दिया गया।

जांच के दौरान पता चला कि आरोपियों ने कई लोगों से इसी तरह नौकरी दिलाने के नाम पर रकम वसूली और नकली नियुक्ति पत्र जारी किए। पुलिस ने आरोपियों की पतासाजी कर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने धोखाधड़ी की बात कबूल की।

मामले का मास्टर माइंड मनोज साहू है, जिसके पास से फर्जी नियुक्ति पत्र, अन्य कागजात और मोबाइल बरामद किए गए। वहीं रजत वर्मा व मुकेश वर्मा से भी नकली दस्तावेज, मोबाइल तथा नियुक्ति पत्र मिले। फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाला टाइपिंग सेंटर संचालक महेश हिरावं भी गिरफ्तार किया गया।

चारों आरोपियों

1. मनोज कुमार साहू (40 वर्ष), अंजोरा पुलगांव

2. रजत वर्मा (25 वर्ष), भिलाई नगर

3. मुकेश वर्मा (53 वर्ष), भिलाई नगर

4. महेश हिरावं (63 वर्ष), हरिनगर मोहन नगर