IAS कैडर में छत्तीसगढ़ के 3 अफसरों की एंट्री संभव, दिल्ली में DPC करेगी नामों पर फैसला
अभिषेक, सचिन और राजीव के नाम आगे; पांच पदों पर होना है राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों का चयन
रायपुर। छत्तीसगढ़ में राज्य प्रशासनिक सेवा से IAS कैडर में पदोन्नति का इंतजार कर रहे अधिकारियों के लिए अहम प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। दिल्ली में होने वाली विभागीय पदोन्नति समिति की बैठक में इस साल IAS अवार्ड के लिए अधिकारियों के नामों पर विचार किया जाएगा। मौजूदा स्थिति में तीन नामों को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा है।
प्रस्तावित बैठक में छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव विकास शील और सामान्य प्रशासन विभाग के प्रभारी सचिव मुकेश बंसल राज्य की ओर से शामिल होंगे। UPSC चेयरमैन डॉ. अजय कुमार की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में अधिकारियों की पात्रता, सर्विस रिकॉर्ड और पदोन्नति से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जाएगी।
अभिषेक-सचिन-राजीव के नाम दौड़ में
IAS अवार्ड के लिए अभिषेक अग्रवाल, सचिन भूतड़ा और राजीव पांडे के नाम प्रमुख दावेदारों के रूप में चर्चा में हैं। राज्य प्रशासनिक सेवा से IAS में पदोन्नति के लिए इस वर्ष पांच पद रिक्त बताए जा रहे हैं। इनमें से दो पदों के लिए संभावित अधिकारियों से जुड़े मामलों के कारण उनके चयन की संभावना कम मानी जा रही है। ऐसे में तीन अधिकारियों के नाम पर मुहर लगने की उम्मीद है।
पिछले साल तीन अधिकारियों को मिली थी पदोन्नति
2013 बैच के अधिकारियों को IAS कैडर में शामिल करने की प्रक्रिया पहले भी आगे बढ़ाई जा चुकी है। पिछले साल इसी बैच के सुमित अग्रवाल, संदीप अग्रवाल और आशीष टिकरिया को IAS अवार्ड मिला था। अब बैच के अन्य पात्र अधिकारियों के नामों पर भी प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।
DPC के बाद केंद्र जारी करेगा आदेश
बैठक में समिति की ओर से नामों और सेवा रिकॉर्ड की समीक्षा के बाद चयन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। अंतिम औपचारिकता केंद्र सरकार के स्तर पर पूरी होगी। आदेश जारी होने के बाद चयनित अधिकारी IAS कैडर का हिस्सा बनेंगे।
तीन अधिकारियों के नामों को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच अब सबकी नजर DPC की बैठक पर है। समिति की सिफारिश के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि किन अधिकारियों को इस बार IAS अवार्ड मिलता है।
suntimes 