PM मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों का 17 फरवरी को मुंबई दौरा, वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे 13 घंटे तक बंद

PM मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों का 17 फरवरी को मुंबई दौरा, वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे 13 घंटे तक बंद

मुंबई में मंगलवार को ट्रैफिक व्यवस्था में बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे। पीएम मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के दौरे से पहले सुरक्षा कारणों से विशेष एडवाइजरी जारी की गई है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों मंगलवार (17 फरवरी) को मुंबई के दौरे पर आ रहे हैं। इस महत्वपूर्ण यात्रा के मद्देनजर मुंबई पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। दो दिग्गज नेताओं के दौरे से पहले सुरक्षा कारणों से मुंबई ट्रैफिक पुलिस ने विशेष एडवाइजरी जारी की है। पश्चिमी उपनगरों (Western Suburbs) में जाम की स्थिति से बचने और वीवीआईपी मूवमेंट को सुचारु रखने के लिए यह कदम उठाया गया है।

 

वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर कल एंट्री बंद!

मुंबई ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक नोटिफिकेशन के अनुसार, 17 फरवरी को वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे (WEH) पर यातायात संबंधी कड़े प्रतिबंध लागू रहेंगे। विशेष रूप से भारी मोटर वाहनों के आवागमन पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। यह पाबंदी हाईवे के उत्तर की ओर जाने वाले और दक्षिण की ओर जाने वाले दोनों रास्तों पर 13 घंटे तक लागू रहेगी, ताकि वीवीआईपी काफिले की सुरक्षा में कोई चूक न हो।

समय और प्रभावित होने वाले प्रमुख इलाके

ट्रैफिक पुलिस की यह पाबंदी 17 फरवरी सुबह 8 बजे से रात 9 बजे तक प्रभावी रहेगी। यह प्रतिबंध मुख्य रूप से वाकोला फ्लाईओवर से लेकर दहिसर टोल नाका के बीच लागू किया गया है। पश्चिमी उपनगर के डीसीपी (ट्रैफिक) अजीत बोराडे ने मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 115 के तहत यह आदेश जारी किया है। इस आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

कौन से वाहनों पर रहेगी पाबंदी, किसे मिलेगी छूट?

अधिकारियों ने बताया कि 17 फरवरी को वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे के दोनों दिशाओं में भारी मोटर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। यह प्रतिबंध सुबह 8 बजे से रात 9 बजे तक लागू रहेगा। यह आदेश वकोला फ्लाईओवर से लेकर दहिसर टोल नाका तक के हिस्से पर प्रभावी रहेगा। यानी इस पूरे रूट पर दिनभर भारी ट्रकों और बड़े कमर्शियल वाहनों को अनुमति नहीं दी जाएगी। इसलिए उन्हें वैकल्पिक मार्ग से जाना होगा।

हालांकि आवश्यक और आपातकालीन सेवाओं को इस प्रतिबंध से मुक्त रखा गया है। एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड की गाड़ियां, पुलिस वाहन और वीवीआईपी सुरक्षा में तैनात सरकारी वाहनों को आवाजाही की अनुमति होगी। इसके अलावा, मुंबई ट्रैफिक पुलिस द्वारा विशेष अनुमति प्राप्त वाहनों को भी छूट दी जाएगी। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे सार्वजनिक सुरक्षा और सुचारू यातायात सुनिश्चित करने के लिए निर्देशों का पालन करें।