अहेरी गांव में मिली लाश की हुई पहचान, बोडेगांव के तेजपाल ताम्रकार निकले मृतक

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगा मौत के कारणों का खुलासा, पुलिस जांच जारी

दुर्ग जिले के नंदनी थाना क्षेत्र के अहेरी गांव में तालाब किनारे मिली अज्ञात लाश की पहचान कर ली गई है। शव की हालत खराब होने के कारण पहचान में काफी दिक्कतें आईं, लेकिन जांच के बाद मृतक की पहचान बोडेगांव निवासी तेजपाल उर्फ लाला ताम्रकार (45) के रूप में हुई।

दुर्ग जिले के नंदनी थाना क्षेत्र अंतर्गत अहेरी गांव में दो दिन पहले तालाब के पास मिले अज्ञात शव की पहचान आखिरकार हो गई है। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक बोडेगांव निवासी 45 वर्षीय तेजपाल उर्फ लाला ताम्रकार हैं।

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। शव की स्थिति काफी खराब और क्षत-विक्षत होने के कारण उसकी पहचान करना पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण रहा।

जांच के दौरान विभिन्न पहलुओं पर काम करते हुए पुलिस ने मृतक की पहचान सुनिश्चित की, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

एडिशनल एसपी मणि शंकर चंद्रा के अनुसार, शव की स्थिति को देखते हुए फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह तय हो पाएगा कि मामला हत्या का है या फिर किसी अन्य वजह से मौत हुई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।