बिहार में सत्ता परिवर्तन: सम्राट चौधरी होंगे नए मुख्यमंत्री, राजभवन में पेश किया दावा

15 अप्रैल को शपथ ग्रहण • NDA ने सर्वसम्मति से चुना नेता • नीतीश कुमार ने दिया इस्तीफा, समर्थन का भरोसा

बिहार में सत्ता परिवर्तन: सम्राट चौधरी होंगे नए मुख्यमंत्री, राजभवन में पेश किया दावा

पटना। बिहार में सत्ता परिवर्तन की प्रक्रिया पूरी हो गई है और अब राज्य को नया नेतृत्व मिलने जा रहा है। NDA विधायक दल की बैठक में सम्राट चौधरी को सर्वसम्मति से नेता चुना गया, जिसके बाद उन्होंने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया।

नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 15 अप्रैल को सुबह 11 बजे लोकभवन में आयोजित होगा। इसके साथ ही बिहार में पहली बार भारतीय जनता पार्टी का मुख्यमंत्री बनने जा रहा है, जिसे राजनीतिक रूप से एक अहम मोड़ माना जा रहा है।

इससे पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। वे सम्राट चौधरी और विजय चौधरी के साथ राजभवन पहुंचे और राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपा। इस्तीफे के बाद उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि नई सरकार राज्य का कार्यभार संभालेगी और उन्हें उनका पूरा सहयोग मिलेगा।

NDA की बैठक के दौरान विधानसभा के सेंट्रल हॉल में दिलचस्प नजारा देखने को मिला, जहां नीतीश कुमार खुद सम्राट चौधरी के प्रस्तावक बने। उन्होंने सम्राट को माला पहनाकर शुभकामनाएं दीं, जबकि सम्राट ने उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया।

विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद सम्राट चौधरी ने कहा कि उन्होंने नीतीश कुमार से राजनीति सीखी है और उनके मार्गदर्शन में बिहार के विकास को नई दिशा देने का प्रयास करेंगे।

इस राजनीतिक बदलाव के बीच एक सर्वे में भी सम्राट चौधरी को जनता की पहली पसंद बताया गया, जिसमें 34 प्रतिशत लोगों ने उन्हें मुख्यमंत्री के रूप में चुना था।

दिनभर चले घटनाक्रम में सुबह से ही राजनीतिक हलचल तेज रही। जदयू और बीजेपी के वरिष्ठ नेता लगातार बैठकों में जुटे रहे, जिसके बाद शाम तक स्थिति स्पष्ट हो गई और नए मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लग गई।

अब सभी की नजरें 15 अप्रैल को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह पर टिकी हैं, जहां बिहार की नई सरकार औपचारिक रूप से कार्यभार संभालेगी।