भिलाई में अवैध हुक्का बार पर सुपेला पुलिस की छापेमारी, दुकानदार व तीन ग्राहक गिरफ्तार

हुक्का और फ्लेवर सामग्री छिपाकर बिक्री करने का खुलासा; पुलिस ने जब्त की सामान सहित आरोपियों को किया गिरफ्तार

भिलाई में अवैध हुक्का बार पर सुपेला पुलिस की छापेमारी, दुकानदार व तीन ग्राहक गिरफ्तार

भिलाईनगर। सुपेला पुलिस ने चौहान स्टेट, रॉक एण्ड रोल शॉप में अवैध रूप से संचालित हुक्का बार में छापा मारा। इस कार्रवाई में दुकानदार राजकुमार मुगम और तीन ग्राहकों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से हुक्का पॉट, फ्लेवर सामग्री और कोयला समेत अन्य उपकरण भी जब्त किए।

एएसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि मुखबीर से सूचना मिली थी कि दुकानदार राजकुमार मुगम अपने दुकान में टेबल-कुर्सियों पर बैठाकर अवैध हुक्का बार चला रहा है। सुपेला पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छापा मारा।

पूछताछ में गिरफ्तार ग्राहकों की पहचान अमित खत्री (19), निशांत नायक (25) और श्रेयांश चंद्राकर (24) के रूप में हुई। दुकानदार राजकुमार मुगम (32) ने भी अपना अपराध स्वीकार किया। पुलिस ने मौके से कुल 4 हुक्का पॉट, 3 डिब्बे मिक्स हुक्का, सिल्वर क्वोईल पेपर और लगभग आधा किलो लकड़ी व कोयला जब्त किया।

इस मामले में धारा 21(क), 21(ख), 4(क) सिगरेट एवं तंबाकू अन्य उत्पादन अधिनियम 2003 के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। एएसपी राठौर ने कहा कि इस कार्रवाई से नागरिकों और युवाओं को अवैध हुक्का और तंबाकू से होने वाले स्वास्थ्य जोखिम से बचाने में मदद मिलेगी।