मॉर्निंग वॉक से लौटे युवक ने की आत्महत्या, आर्थिक तंगी की आशंका
टूर एंड ट्रेवल्स चालक की संदिग्ध आत्महत्या, आर्थिक परेशानियों की आशंका; पुलिस जांच में जुटी
भिलाई । वैशाली नगर थाना क्षेत्र के अर्जुन नगर में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव उसके घर के कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला। मृतक की पहचान रूपेश वर्मा (25) के रूप में हुई है, जो टूर एंड ट्रेवल्स से जुड़ा हुआ था और वाहन चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।
जानकारी के अनुसार, रूपेश रोज की तरह सुबह करीब पांच बजे टहलने के लिए घर से निकला था। कुछ समय बाद वह वापस लौटा और अपने कमरे में चला गया। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों ने कमरे में जाकर देखा तो वह फंदे पर झूल रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों और स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची वैशाली नगर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की तथा पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक मृतक पिछले कुछ समय से आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहा था। हालांकि आत्महत्या के पीछे यही वजह है या कोई अन्य कारण, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस ने बताया कि परिजनों और परिचितों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
suntimes 