समता कॉलोनी में नाकेबंदी के दौरान 75 लाख बरामद, हवाला नेटवर्क पर शिकंजा
बिना दस्तावेज मिले 75 लाख, 4 मोबाइल और स्कूटी जब्त अलग-अलग कारोबारियों से कलेक्शन कर पहुंचा था समता कॉलोनी गुमराह करने पर पुलिस का शक गहराया
*छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में हवाला कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक स्कूटी की डिक्की से 75 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) की नाकेबंदी के दौरान पकड़े गए युवक के पास नकदी से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले। प्रारंभिक जांच में यह रकम हवाला लेन-देन से जुड़ी बताई जा रही है। मामले को आगे की जांच के लिए आयकर विभाग को सौंप दिया गया है।*
रायपुर। राजधानी में हवाला कारोबार पर नकेल कसते हुए पुलिस ने शुक्रवार रात बड़ी कार्रवाई की। आजाद चौक थाना क्षेत्र के समता कॉलोनी में नाकेबंदी के दौरान एक स्कूटी सवार युवक को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 75 लाख रुपये नकद बरामद हुए। नकदी एक कपड़े के थैले में भरी हुई थी और उससे संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके।
पकड़ा गया युवक मिलन शर्मा (25) मूलतः राजस्थान का रहने वाला है और पिछले पांच वर्षों से रायपुर में कलेक्शन एजेंट के रूप में काम कर रहा था। पुलिस के अनुसार वह शहर के विभिन्न इलाकों से रकम एकत्र कर ठिकाने लगाने की तैयारी में था, तभी एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) की टीम ने उसे पकड़ लिया।
नाकेबंदी में फंसा
27 फरवरी की रात पुलिस और ACCU की संयुक्त टीम समता कॉलोनी और आजाद चौक क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। इसी दौरान एक्टिवा (CG 04 NJ 8956) से गुजर रहे युवक को रोका गया। तलाशी लेने पर डिक्की से भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई। पूछताछ में युवक संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करने लगा, जिससे शक और गहरा गया।
4 मोबाइल और वाहन जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 75 लाख रुपये नकद, चार मोबाइल फोन और स्कूटी जब्त कर ली है। मोबाइल डेटा खंगालकर हवाला नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा ने बताया कि आरोपी को आयकर विभाग के हवाले कर दिया गया है, जहां आय के स्रोत और नेटवर्क की विस्तृत जांच की जाएगी।
15 इलाकों में सक्रिय नेटवर्क
पुलिस सूत्रों के अनुसार, राजधानी के करीब 15 इलाकों में हवाला कारोबार का संगठित नेटवर्क सक्रिय है। रोजाना करोड़ों रुपये का अवैध लेन-देन होने की आशंका है। रायपुर से मुंबई, दिल्ली, गुजरात और झारखंड तक पैसे भेजे जाने की डिमांड अधिक बताई जा रही है। एक लाख रुपये भेजने पर 1500 से 2000 रुपये तक कमीशन लिया जाता है।
पहले भी पकड़ी जा चुकी है करोड़ों की नकदी
गौरतलब है कि इससे पहले आमानाका क्षेत्र में एक कार से करोड़ों रुपये नकद जब्त किए जा चुके हैं। वहीं शंकर नगर इलाके में छापेमारी के दौरान 80 लाख रुपये और हवाला से जुड़े दस्तावेज बरामद हुए थे।
पुलिस का मानना है कि मौजूदा कार्रवाई से हवाला नेटवर्क के बड़े चेहरों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है। आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना है।
suntimes 