स्मृति नगर के गाइस रेस्टोरेंट में आग, दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा
किचन से उठीं लपटें, आसपास की दुकानों तक फैलने से रोका; पुलिस कर रही कारणों की जांच
भिलाई। स्मृति नगर स्थित गाइस रेस्टोरेंट (श्री गौरव सचदेव) में अचानक आग लगने से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि रेस्टोरेंट के किचन से आग की लपटें उठने लगीं, जिससे आसपास की दुकानों तक आग फैलने का खतरा पैदा हो गया।
घटना की सूचना तत्काल अग्निशमन कार्यालय दुर्ग को दी गई। सूचना मिलते ही एक दमकल वाहन और फायर टीम मौके के लिए रवाना की गई। अग्निशमन कर्मियों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए रेस्टोरेंट के अंदर प्रवेश किया और एक पानी गाड़ी की मदद से आग पर काबू पा लिया।
समय रहते की गई कार्रवाई के चलते आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया। हालांकि, आगजनी की घटना में रेस्टोरेंट के अंदर रखे दो फ्रिज, एसी, तंदूरी यूनिट सहित अन्य सामान जलकर राख हो गए।
फिलहाल आग लगने का कारण अज्ञात बताया जा रहा है। मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी श्री नागेंद्र कुमार सिंह के निर्देशन में फायर प्रभारी एफ. प्रवीण बारा तथा अग्निशमन कर्मचारी संतोष मडरिया, रमेश, दीपक साहू, तामेश और जय सोनकर ने समन्वित रूप से राहत कार्य किया।
अग्निशमन दल की तत्परता और टीमवर्क के कारण किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
suntimes 