फेकारी में धान के पैरावट में लगी आग, दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा
फेकारी गांव की घटना, सूचना मिलते ही एक दमकल वाहन रवाना; कारण अब तक अज्ञात
*उतई थाना क्षेत्र के फेकारी गांव में शनिवार को एक घर से लगे धान के पैरावट में अचानक आग लग गई। सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा और दो पानी गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पा लिया। समय पर कार्रवाई से आसपास की बस्ती को बड़े नुकसान से बचा लिया गया।*
दुर्ग। उतई थाना क्षेत्र अंतर्गत फेकारी गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब श्रीमती रेखा साहू के निवास से सटे धान के पैरावट में अचानक आग भड़क उठी। आग की लपटें तेज होने लगीं, जिससे आसपास के घरों तक आग फैलने का खतरा पैदा हो गया।
घटना की जानकारी तत्काल अग्निशमन कार्यालय दुर्ग को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की एक टीम मौके के लिए रवाना की गई। अग्निशमन कर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो पानी गाड़ियों की सहायता से आग पर काबू पाया और उसे आसपास के रिहायशी इलाके में फैलने से रोक लिया।
दमकल कर्मियों की मुस्तैदी और समन्वित प्रयासों के चलते एक बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है और इसे अज्ञात कारणों से लगी आग माना जा रहा है।
जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी श्री नागेंद्र कुमार सिंह के मार्गदर्शन में दल प्रभारी भगवती बंजारे तथा अग्निशमन कर्मचारी शैलेन्द्र कुलेश, पराग, उमाशंकर और कमलेश ने मौके पर पहुंचकर प्रभावी ढंग से राहत कार्य किया।
अग्निशमन विभाग की सतर्कता और टीम वर्क के कारण संभावित बड़ी दुर्घटना को समय रहते टाल दिया गया।
suntimes 