साउथ अफ्रीका ने वेस्टइंडीज को दी शिकस्त, टीम इंडिया के सेमीफाइनल की राह हुई आसान, जानें कैसे

साउथ अफ्रीका ने वेस्टइंडीज को दी शिकस्त, टीम इंडिया के सेमीफाइनल की राह हुई आसान, जानें कैसे

आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 47वें मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने वेस्टइंडीज को 9 विकेट से हरा दिया है। साउथ अफ्रीका की इस जीत के साथ ही भारतीय टीम के सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें काफी हद तक आसान और स्पष्ट हो गई हैं। 

 आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 47वें मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने वेस्टइंडीज को 9 विकेट से हरा दिया है। साउथ अफ्रीका की इस जीत के साथ ही भारतीय टीम के सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें काफी हद तक आसान और स्पष्ट हो गई हैं। इस मुकाबले में वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 176 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका की टीम ने आक्रामक अंदाज में शुरुआत की और 17वें ओवर में ही मैच अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ साउथ अफ्रीका ने सेमीफाइनल का टिकट लगभग पक्का कर लिया है। प्रोटियाज टीम जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच रद्द होने की स्थिति में भी अंतिम 4 में पहुंच जाएगी।

इस मुकाबले में साउथ अफ्रीका के कप्तान एडन मार्करम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। वेस्टइंडीज की शुरुआत बेहद खराब रही और कप्तान शाई होप सिर्फ 6 गेंदों में 16 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद ब्रैंडन किंग भी 21 रन बनाकर आउट हो गए। दोनों सलामी बल्लेबाजों के आउट होते ही वेस्टइंडीज की पारी लड़खड़ा गई। सिमरन हेटमायर, रोवमैन पॉवेल और रोस्टन चेज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके। वेस्टइंडीज ने 60 रन के स्कोर पर अपने 5 विकेट गंवा दिए।

शेरफेन रदरफोर्ड भी 10 गेंदों में 12 रन बनाकर आउट हुए, जबकि मैथ्यू फोर्ड 9 गेंदों में 11 रन बनाकर चलते बने। एक समय वेस्टइंडीज ने 83 रन पर 7 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद जेसन होल्डर और रोमारियो शेफर्ड ने पारी को संभालते हुए 89 रनों की अहम साझेदारी की और टीम को 170 के पार पहुंचा दिया। होल्डर दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से अपने अर्धशतक से चूक गए और 49 रन बनाकर ओवर की पांचवीं गेंद पर रन आउट हो गए। वहीं शेफर्ड ने शानदार अर्धशतक जड़ा और 37 गेंदों में तीन चौकों और चार छक्कों की मदद से 52 रन बनाकर नाबाद रहे। होल्डर ने भी अपनी पारी में चार चौके और तीन छक्के लगाए।

साउथ अफ्रीका की ओर से लुंगी एनगिडी ने 4 ओवर में 30 रन देकर 3 विकेट झटके, जबकि कगिसो रबाडा और केशव महाराज को दो-दो सफलता मिली।

मार्करम को नहीं रोक पाई वींडिज

177 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका की शुरुआत धमाकेदार रही। कप्तान एडन मार्करम को आज वेस्टइंडीज के गेंदबाज रोक नहीं पाए। दूसरी ओर क्विंटन डी कॉक ने धीमी शुरुआत के बाद तेजी पकड़ी, हालांकि वह 24 गेंदों में चार चौके और चार छक्कों की मदद से 47 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद रयान रिकेल्टन ने 28 गेंदों में 45 रनों की तेज पारी खेली, जबकि कप्तान एडन मार्करम ने 46 गेंदों में 7 चौके और 4 छक्कों की मदद से नाबाद 82 रन बनाए। साउथ अफ्रीका ने 16.1 ओवर में ही 177 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। वेस्टइंडीज की ओर से एकमात्र विकेट रोस्टन चेज को मिला, जिन्होंने 4 ओवर में 46 रन खर्च किए।

रन रेट का किस्सा खत्म!

अब समझते हैं कि इस जीत से भारतीय टीम को कैसे फायदा हुआ। इस मुकाबले से पहले नेट रन रेट के मामले में वेस्टइंडीज आगे थी। वेस्टइंडीज का नेट रन रेट +5.35 था, जबकि साउथ अफ्रीका का +3.80। इस जीत के बाद साउथ अफ्रीका का नेट रन रेट +3.89 हो गया है और उसके 4 अंक हो चुके हैं। हालांकि इस जीत से भारतीय टीम की क्वालिफिकेशन पर सीधा असर नहीं पड़ा, लेकिन फायदा इसलिए हुआ क्योंकि वेस्टइंडीज यह मुकाबला हार गई और उसका नेट रन रेट भी काफी गिर गया। अब वेस्टइंडीज के दो मैचों में 2 अंक हैं और उसका नेट रन रेट +1.79 हो गया है।

अगर भारतीय टीम आज जिंबॉब्वे के खिलाफ अपना मुकाबला जीत जाती है, तो 1 मार्च को भारत बनाम वेस्टइंडीज का मैच एक तरह से क्वार्टरफाइनल जैसा होगा। जो भी टीम यह मुकाबला जीतेगी, वह सीधे सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी। ऐसे में वेस्टइंडीज की इस हार से भारतीय टीम पर नेट रन रेट का दबाव काफी हद तक खत्म हो गया है।