होली से पहले नशे पर प्रहार: वैशाली नगर में 8.64 ग्राम चिट्टा संग 4 युवक गिरफ्तार

8.640 ग्राम हेरोइन, 4 मोबाइल और पल्सर बाइक जब्त मुखबिर की सूचना पर वैशाली नगर थाना व ACCU की संयुक्त कार्रवाई

होली से पहले नशे पर प्रहार: वैशाली नगर में 8.64 ग्राम चिट्टा संग 4 युवक गिरफ्तार

दुर्ग-भिलाई। होली पर्व से पहले जिले में अवैध नशे के कारोबार पर नकेल कसते हुए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। वैशाली नगर थाना क्षेत्र में हेरोइन (चिट्टा) बेचने की फिराक में घूम रहे चार युवकों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से 8.640 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 72 हजार 800 रुपए आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार, त्योहार के मद्देनज़र कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान 25 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ युवक जवाहर नगर स्थित शिव मंदिर के पास शादी भवन क्षेत्र में नशीला पदार्थ बेचने ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना वैशाली नगर और ACCU की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर चारों को मौके से दबोच लिया।

तलाशी में आरोपियों के पास से 8.640 ग्राम हेरोइन, चार मोबाइल फोन, एक पल्सर बाइक और नगद बिक्री राशि बरामद की गई। प्रारंभिक पूछताछ में नशे की सप्लाई चेन से जुड़े एक अन्य व्यक्ति की जानकारी भी सामने आई, जिसे बाद में हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शेखर राव (18) निवासी कैंप-1 भिलाई, कुंदन उर्फ कुम्बज वर्मा (27) निवासी सुभाष चौक भिलाई, मोहम्मद सोहेल खान (28) निवासी टिकरापारा रायपुर और हर्ष भट्टी निवासी शांति नगर भिलाई के रूप में हुई है।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(B) एवं 29 के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि होली के दौरान जिले में नशे के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा, ताकि युवा पीढ़ी को नशे के जाल से बचाया जा सके।