एक दिन की गिरावट के बाद शेयर बाजार ने पकड़ी रफ्तार, सेंसेक्स 76,900 के करीब

निफ्टी में 100 अंक से ज्यादा की तेजी; बैंक, मेटल और रियल्टी सेक्टर में निवेशकों ने बढ़ाया दांव, DII की खरीदारी मजबूत

एक दिन की गिरावट के बाद शेयर बाजार ने पकड़ी रफ्तार, सेंसेक्स 76,900 के करीब

मुंबई (ए)। बुधवार की गिरावट के बाद भारतीय शेयर बाजार ने गुरुवार को मजबूती के साथ वापसी की। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स करीब 300 अंक चढ़कर 76,900 के स्तर पर पहुंच गया। निफ्टी भी 100 से अधिक अंक मजबूत होकर 24,000 के आसपास कारोबार करता नजर आया। निवेशकों की सबसे ज्यादा दिलचस्पी बैंकिंग, मेटल और रियल्टी शेयरों में रही।

बाजार में आई इस तेजी से एक दिन पहले की गिरावट की कुछ हद तक भरपाई हुई। 2 सितंबर को सेंसेक्स 374 अंक गिरकर 76,570 पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी में 141 अंकों की गिरावट आई थी और यह 23,914 पर बंद हुआ था।

विदेशी बिकवाली के बीच घरेलू निवेशकों का भरोसा

विदेशी निवेशकों की बिकवाली के बावजूद घरेलू संस्थागत निवेशक बाजार में लगातार खरीदारी कर रहे हैं। पिछले सात दिनों में DII ने 14,433 करोड़ रुपए की खरीदारी की है। 30 दिनों के आंकड़े पर नजर डालें तो घरेलू निवेशकों की शुद्ध खरीदारी 62,293 करोड़ रुपए रही है।

वहीं विदेशी निवेशकों ने पिछले सात दिनों में 5,194 करोड़ रुपए की शुद्ध बिकवाली की है। पिछले 30 दिनों में भी उनकी बिकवाली का आंकड़ा 3,069 करोड़ रुपए रहा।

एशियाई बाजारों में तेजी का असर

एशिया के प्रमुख बाजारों में गुरुवार को तेजी का रुख रहा। कोस्पी 1.57% ऊपर रहा, जबकि निक्केई में 0.20% और हैंगसेंग में 0.12% की बढ़त दर्ज हुई।

अमेरिकी बाजारों में भी बढ़त

एक दिन पहले अमेरिकी बाजार भी मजबूती के साथ बंद हुए। डाउ जोन्स 295 अंक चढ़ा और नैस्डैक में 118 अंकों की तेजी रही। एसएंडपी 500 भी 35 अंक ऊपर बंद हुआ। वैश्विक बाजारों के सकारात्मक संकेतों से घरेलू बाजार में भी खरीदारी का माहौल मजबूत हुआ।