जन्मदिन की पार्टी के बाद नदी में समाया युवक
सिरसा एनीकट में बर्तन धोते वक्त हादसा; 26 वर्षीय सत्यदेव का तेज धार में बहने के बाद नहीं मिला सुराग, एसडीआरएफ का रेस्क्यू जारी
दुर्ग-भिलाई। दोस्तों के साथ जन्मदिन मनाने सिरसा एनीकट पहुंचा 26 वर्षीय युवक पार्टी खत्म होने के बाद हुए हादसे का शिकार हो गया। शिवनाथ नदी किनारे बर्तन साफ करते समय पानी भरने के दौरान उसका संतुलन बिगड़ा और वह तेज बहाव में जा गिरा। देखते ही देखते युवक नदी की धार में बह गया। घटना के बाद पुलिस और एसडीआरएफ ने तलाशी अभियान शुरू किया, लेकिन 18 घंटे से ज्यादा समय बीतने के बाद भी युवक का पता नहीं चल सका है।
शाम को हुआ हादसा
जेवरा सिरसा चौकी पुलिस के अनुसार खुर्सीपार के पांच युवक शनिवार को सिरसा एनीकट पहुंचे थे। यहां उन्होंने साथ मिलकर जन्मदिन मनाया और खाना खाया। शाम करीब 6 बजे दो युवक बर्तन धोने के लिए नदी के किनारे गए थे। इसी दौरान सत्यदेव मोहबिया नदी से पानी भरने लगा।
भारी हुआ बर्तन, छूटा नदी का किनारा
पानी भरते समय बर्तन भारी हो गया। इसी दौरान सत्यदेव का पैर या संतुलन बिगड़ने से वह नदी में जा गिरा। नदी में तेज बहाव होने के कारण वह कुछ ही पलों में बह गया। साथ मौजूद युवक ने तुरंत शोर मचाया और बाकी साथियों को बुलाया।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। जेवरा सिरसा चौकी पुलिस के साथ एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और नदी में खोजबीन शुरू की।
सुबह फिर शुरू हुआ रेस्क्यू
देर शाम तक नदी के संभावित हिस्सों में तलाश की गई, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं मिला। रोशनी कम होने के बाद अभियान रोक दिया गया। रविवार सुबह एसडीआरएफ ने दोबारा रेस्क्यू शुरू किया है।
परिजन पहुंचे मौके पर
सत्यदेव के नदी में बहने की खबर मिलते ही परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। युवक के लापता होने के बाद परिवार में बेचैनी का माहौल है। एसडीआरएफ की टीम नदी के बहाव वाले हिस्सों में लगातार उसकी तलाश कर रही है।
suntimes 