रायपुर में फिर चाकूबाजी ने ली जान, भाग रहे युवक को घेरकर मारा
अश्वनी नगर में आधी रात दो युवकों से हुआ विवाद; स्कूटी नाली में गिरते ही हमलावरों ने किए ताबड़तोड़ वार, आरोपी फरार
रायपुर। राजधानी में चाकूबाजी की एक और वारदात में 22 वर्षीय युवक की जान चली गई। पुरानी बस्ती इलाके के अश्वनी नगर में सोमवार आधी रात मामूली विवाद के बाद दो युवकों ने अहमद खान का पीछा किया। बचने के दौरान उसकी स्कूटी नाली में गिर गई। युवक के जमीन पर गिरते ही हमलावरों ने उसे घेरकर धारदार हथियार से हमला कर दिया। एम्स में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
डंगनिया निवासी अहमद खान रात करीब साढ़े 12 बजे अश्वनी नगर की गली में था। गौसिया मस्जिद के पास उसका दो युवकों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। कहासुनी बढ़ने के बाद अहमद स्कूटी लेकर वहां से निकलने लगा। दोनों युवक भी उसके पीछे दौड़ पड़े।
बचने की कोशिश नाकाम, घेरकर किए कई वार
अहमद की स्कूटी कुछ दूर जाकर सड़क किनारे नाली में गिर गई। वह संभल पाता, इससे पहले पीछा कर रहे दोनों युवकों ने उसे घेर लिया। आरोपियों ने धारदार हथियार से उस पर कई वार किए। हमले में अहमद गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
वारदात के बाद आरोपी वहां से भाग निकले। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम घायल युवक को एम्स लेकर पहुंची, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
क्राइम ब्रांच ने संभाली जांच
हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और क्राइम ब्रांच की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने वारदात की परिस्थितियों की जानकारी जुटाने के साथ आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर संदिग्धों की पहचान का प्रयास कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर भी दबिश दी जा रही है।
विवाद की वजह तलाश रही पुलिस
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि दोनों युवकों से अहमद का विवाद किस बात को लेकर हुआ था। पुलिस मामूली कहासुनी के अलावा पुरानी रंजिश और अन्य संभावित कारणों को भी जांच के दायरे में रखकर आगे बढ़ रही है।
कांग्रेस ने कहा- अपराधियों में नहीं रहा कानून का खौफ
हत्या के बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री कन्हैया अग्रवाल ने राजधानी की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि रायपुर में लगातार हत्या और चाकूबाजी की घटनाएं चिंता बढ़ा रही हैं। उनके मुताबिक शहर में सट्टा, जुआ, अवैध शराब और गांजा कारोबार पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों के मन से कानून का भय खत्म हो रहा है। अग्रवाल ने पुलिस प्रशासन से अपराध और नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि कार्रवाई नहीं होने पर कांग्रेस आंदोलन करेगी।
suntimes 