सड़क विवाद बना जानलेवा, स्कूटी सवार बुजुर्ग की पिटाई से मौत

बुजुर्ग ने तोड़ा दम, पीछे बैठा साथी घायल छावनी थाना पुलिस ने आरोपी सुकांत को हिरासत में लिया

*भिलाई में सड़क पर हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते जानलेवा हिंसा में बदल गया। वाहन चलाने के दौरान गलत तरीके से गाड़ी चला रहे युवक को टोकना एक बुजुर्ग स्कूटी सवार को भारी पड़ गया। गुस्से में युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर बुजुर्ग की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।*

 भिलाई । भिलाई के लिंक रोड पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क विवाद सामने आया, जहां वाहन चलाने के दौरान हुई कहासुनी ने एक बुजुर्ग की जान ले ली। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गलत तरीके से वाहन चला रहे युवक को स्कूटी सवार बुजुर्ग ने सावधानी बरतने की नसीहत दी थी। इसी बात से नाराज युवक ने बुजुर्ग के साथ मारपीट शुरू कर दी।

मारपीट इतनी गंभीर थी कि बुजुर्ग विक्रम रॉय मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें संभालने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी हालत गंभीर हो चुकी थी और उन्होंने दम तोड़ दिया। स्कूटी पर पीछे बैठा उनका साथी भी हमले में घायल हुआ है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन छावनी थाना पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। छावनी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सुकांत को हिरासत में ले लिया है। पूछताछ के दौरान सामने आया है कि मारपीट में अन्य युवक भी शामिल थे, जिन्हें पुलिस ने पकड़ लिया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, वहीं आरोपियों से पूछताछ जारी है। सड़क पर बढ़ती हिंसा और गुस्से की यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि मामूली विवाद किस तरह जानलेवा साबित हो रहे हैं।