भिलाई स्टील प्लांट मुद्दा: विधायक देवेंद्र यादव के उपवास को अरुण वोरा का समर्थन

भिलाई स्टील प्लांट मुद्दा: विधायक देवेंद्र यादव के उपवास को अरुण वोरा का समर्थन

20-21 को दो दिवसीय उपवास पर बैठेंगे विधायक देवेंद्र यादव

भिलाई स्टील प्लांट में निजीकरण और कथित जनविरोधी फैसलों के विरोध में शुरू हो रहे उपवास आंदोलन को कांग्रेस का खुला समर्थन मिल गया है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता अरुण वोरा ने विधायक देवेंद्र यादव के आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा है कि भिलाई स्टील प्लांट को बेचने की किसी भी कोशिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा।

भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट में निजीकरण की आशंकाओं और प्रबंधन के कथित जनविरोधी फैसलों के खिलाफ राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता अरुण वोरा ने विधायक देवेंद्र यादव द्वारा घोषित दो दिवसीय उपवास आंदोलन का समर्थन करते हुए प्रबंधन पर तीखा हमला बोला है।

अरुण वोरा ने कहा कि सेल–बीएसपी प्रबंधन द्वारा किस्तों में निजीकरण की दिशा में कदम बढ़ाए जा रहे हैं, जिसका सीधा असर संयंत्र के कार्मिकों, ठेका श्रमिकों और सेवानिवृत्त कर्मचारियों पर पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भिलाई के बजट में कटौती कर सुविधाओं को लगातार सीमित किया जा रहा है।

वोरा ने बताया कि शिक्षा, चिकित्सा और आवास जैसी अनिवार्य सुविधाओं में कटौती की जा रही है। लीज और रिटेंशन स्कीम के तहत आबंटित आवासों के किराए में मनमानी वृद्धि की गई है। लीजधारियों को नोटिस देकर आवास खाली कराने का दबाव बनाया जा रहा है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि संयंत्र में वर्षों से कार्यरत श्रमिकों की छंटनी की जा रही है और श्रमिकों को उनका न्यूनतम वेतन तक नहीं दिया जा रहा है। इन फैसलों से स्पष्ट है कि भिलाई स्टील प्लांट को धीरे-धीरे निजीकरण की ओर धकेला जा रहा है।

गांधीवादी तरीके से विरोध

अरुण वोरा ने कहा कि विधायक देवेंद्र यादव ने इन फैसलों के विरोध में गांधीवादी तरीके से 20 और 21 तारीख को दो दिवसीय उपवास पर बैठने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं उपवास स्थल पर पहुंचकर आंदोलन को समर्थन देंगे और शांतिपूर्ण संघर्ष में शामिल होंगे।

वोरा ने भिलाई स्टील प्लांट से जुड़े सभी यूनियनों, सामाजिक, राजनीतिक और व्यापारिक संगठनों से अपील की कि वे इस उपवास आंदोलन को समर्थन देकर कार्मिकों के हित में एकजुटता दिखाएं।