जुनवानी के दो स्पा सेंटरों में देह व्यापार का भंडाफोड़, आपत्तिजनक सामग्री जब्त
महिला रक्षा दल और स्मृतिनगर पुलिस की संयुक्त रेड में कई महिलाएं व ग्राहक आपत्तिजनक स्थिति में मिले, PITA एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू
स्मृतिनगर थाना क्षेत्र के जुनवानी इलाके में पुलिस ने शुक्रवार देर शाम दो स्पा सेंटरों पर छापा मारकर देह व्यापार का खुलासा किया। मौके से आपत्तिजनक सामग्री जब्त की गई और कई व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने दोनों स्पा संचालकों के खिलाफ PITA एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
दुर्ग। चौकी स्मृतिनगर थाना सुपेला, जिला दुर्ग। दिनांक 24 अक्टूबर 2025 को मिली गुप्त सूचना के आधार पर उप पुलिस अधीक्षक IUCAW दुर्ग के नेतृत्व में महिला रक्षा दल और स्मृतिनगर चौकी पुलिस की टीम ने जुनवानी क्षेत्र स्थित Le Wellness Spa & Salon और Larenzo Spa में एक साथ रेड की कार्यवाही की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने दोनों स्पा सेंटरों से आपत्तिजनक सामग्री बरामद की। साथ ही, वहां मौजूद महिला कर्मचारी और ग्राहक आपत्तिजनक स्थिति में पाए गए। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि इन स्पा सेंटरों की आड़ में देह व्यापार संचालित किया जा रहा था।
पुलिस ने मौके से कई महिलाओं और ग्राहकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। दोनों स्पा संचालकों के विरुद्ध माननीय सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप PITA (Prevention of Immoral Trafficking Act) के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई जिले में चल रहे अवैध स्पा सेंटरों पर सख्त निगरानी अभियान का हिस्सा है। पुलिस ने ऐसे अन्य प्रतिष्ठानों की भी जांच की तैयारी शुरू कर दी है।
suntimes 