सुपेला में तेज रफ्तार कार का कहर, सड़क पार कर रहे युवक की मौके पर मौत

सब्जी मंडी में हमाली का काम करता था युवक, रेसिंग की आशंका; चालक वाहन छोड़ फरार

सुपेला में तेज रफ्तार कार का कहर, सड़क पार कर रहे युवक की मौके पर मौत

भिलाई। सुपेला थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक तेज रफ्तार कार ने सड़क पार कर रहे युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक वाहन लेकर फरार हो गया। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार मृतक युवक सुपेला सब्जी मंडी में हमाली का कार्य करता था। देर रात वह घड़ी चौक के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान नेहरू नगर की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार डस्टर कार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि हादसे के समय दो कारों के बीच रफ्तार की होड़ लगी हुई थी। इसी दौरान चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और सड़क पार कर रहे युवक को टक्कर मार दी। हालांकि पुलिस अभी इस पहलू की जांच कर रही है।

घटना की सूचना मिलते ही सुपेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि फरार वाहन चालक और हादसे की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।

गौरतलब है कि पिछले सप्ताह भी इसी क्षेत्र में कथित रूप से नशे में धुत कार चालक की लापरवाही से दो लोगों की जान चली गई थी। लगातार हो रहे सड़क हादसों ने तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी चालक की पहचान कर उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।