कोचिंग शिक्षक गिरफ्तार: हिंदू संतों पर आपत्तिजनक पोस्ट करने का आरोप, बजरंग दल ने की शिकायत

कोचिंग शिक्षक गिरफ्तार: हिंदू संतों पर आपत्तिजनक पोस्ट करने का आरोप, बजरंग दल ने की शिकायत

सोशल मीडिया पर सनातन धर्म और संत समाज को लेकर की गई टिप्पणी से उपजा विवाद, पुलिस ने आरोपी को भेजा न्यायिक रिमांड पर

दुर्ग जिले में एक कोचिंग शिक्षक द्वारा फेसबुक पर हिंदू संतों और सनातन धर्म को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला तूल पकड़ गया है। बजरंग दल की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

दुर्ग। जिले के मोहन नगर थाना क्षेत्र में एक निजी कोचिंग संस्था में कार्यरत शिक्षक लक्ष्मीकांत निषाद को सोशल मीडिया पर संत समाज के विरुद्ध आपत्तिजनक पोस्ट करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई बजरंग दल की शिकायत पर की गई।

बजरंग दल के जिला संयोजक सौरभ देवांगन ने बताया कि आरोपी ने 27 जुलाई 2025 को फेसबुक पर एक पोस्ट की, जिसमें सनातन धर्म, ब्राह्मण समाज और प्रसिद्ध संतों जैसे पंडित धीरेंद्र शास्त्री, प्रदीप मिश्रा और श्रीराम भद्राचार्य के प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया गया था। इस पोस्ट से हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं।

शिकायत दर्ज होते ही पुलिस हरकत में आई। डीएसपी अलेक्जेंडर किरो ने पुष्टि की है कि आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस अब मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

सौरभ देवांगन ने बयान में कहा,
"धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाना चाहिए। ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई ज़रूरी है ताकि भविष्य में कोई इस तरह की हिमाकत न करे।"

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी की पोस्ट का प्रभाव कितने लोगों तक पहुंचा और कहीं यह किसी बड़े सांप्रदायिक तनाव का कारण तो नहीं बना।