भाजपा सदस्यता अभियान में वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने रचा कीर्तिमान, मिला "सदस्यता भूषण सम्मान"
34 हजार से अधिक नए सदस्यों को जोड़ भाजपा को दिलाया प्रदेश में पहला स्थान, रायपुर में सम्मानित हुए विधायक सेन

नवा रायपुर में आयोजित भारतीय जनता पार्टी के "उत्कृष्ट सदस्यता सम्मान समारोह" में वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन को उनके असाधारण संगठनात्मक योगदान के लिए "सदस्यता भूषण सम्मान" से नवाजा गया। विधायक सेन ने 2024-25 के सदस्यता अभियान में 34 हजार से अधिक नागरिकों को भाजपा से जोड़कर पार्टी को मजबूती प्रदान की।
भिलाई। भारतीय जनता पार्टी द्वारा नवा रायपुर, अटल नगर स्थित मुख्यमंत्री निवास में शनिवार को "उत्कृष्ट सदस्यता सम्मान समारोह" आयोजित किया गया। इस अवसर पर वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक रिकेश सेन को वर्ष 2024-25 के सदस्यता अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए "सदस्यता भूषण सम्मान" प्रदान किया गया। उन्होंने अपने क्षेत्र में 34 हजार से अधिक नए सदस्यों को पार्टी से जोड़कर संगठन को एक नई ऊर्जा दी।
विधायक सेन को यह सम्मान छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव और अन्य वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में प्रदान किया गया।
सम्मान ग्रहण करते हुए विधायक सेन ने वैशाली नगर के समस्त पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, युवाओं और आम नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, "यह सम्मान केवल मेरा नहीं, बल्कि हर उस कार्यकर्ता और नागरिक का है, जिन्होंने भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा पर विश्वास जताते हुए सदस्यता अभियान को सफल बनाया।"
सम्मान समारोह के उपरांत जब विधायक सेन रात्रि में रायपुर से भिलाई पहुंचे, तो सुपेला गदा चौक पर उनका भव्य स्वागत किया गया। आतिशबाजी, नारों और फूल मालाओं के साथ हजारों कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर भिलाई जिला के अंतर्गत कैम्प, वैशाली नगर और कोहका मंडल के भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।