साइबर फ्रॉड के केस से 1.3 करोड़ होल्ड कराए चिटफंड के 15 डायरेक्टरों को पकड़ भेजा जेल

पुलिस विभाग ने पिछले वर्ष की तुलना में कुल अपराधों में कमी दर्ज करने का दावा किया है। इसका खुलासा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राम गोपाल गर्ग ने किया। उन्होंने वार्षिक रिपोर्ट जारी की। वर्ष 2022 में कुल 7411 अपराध पंजीबद्ध किए गए थे, उसकी तुलना में वर्ष 2023 में कुल 6555 अपराध पंजीबद्ध हुए। इस तरह पूर्व के वर्ष की तुलना में घटित अपराधों में 12% की कमी दर्ज हुई है। इसके अलावा पुलिस ने चिटफंड मामले में 15 आरोपी डायरेक्टरों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा साइबर फ्रॉड का शिकार हुए लोगों की 1.33 करोड़ रुपए की रकम फ्रीज कराई।
सेक्टर-6 कंट्रोल रूम में आयोजित एक कार्यक्रम में एसएसपी गर्ग ने कहा कि संपत्ति संबंधी अपराध (डकैती, लूट, नकबजनी एवं चोरी) में वर्ष 2022 में 1380 प्रकरण पजी बद्ध किए गए, वर्ष 2023 में 1183 प्रकरण पंजीबद्ध हुए हैं। इसके अलावा हत्या, हत्या का प्रयास व अपहरण के मामलों में वर्ष 2022 में 821 प्रकरण और वर्ष 2023 में 811 प्रकरण सामने आए। महिला के विरुद्ध अपराध जैसे बलात्कार, व प्रताड़ना में भी 17 फीसदी की कमी आई है। वर्ष 2022 में 485 प्रकरण और वर्ष 2023 में 403 प्रकरण दर्ज हुए हैं। जिले की यातायात व्यवस्था को सरल, सुगम एवं सुरक्षित बनाने के लिए 50119 वाहनों चालकों पर चालानी कार्रवाई की गई है।
अवैध शराब, मादक पदार्थ के मामलों में भी कार्रवाई शासन की मंशा अनुरूप जिले में नशे का कारोबार से संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध अभियान चलाकर मादक पदार्थ (गांजा, ब्राउन शुगर एवं नशीली दवाई) एवं अवैध शराब की बिक्री एवं परिवहन करने वाले पर कार्रवाई की गई। वर्ष 2022 में 2567 लीटर अवैध शराब की जब्ती की गई, उसकी तुलना में वर्ष 2023 में 10763 लीटर अवैध शराब की बिक्री/परिवहन करते आबकारी अधिनियम अंतर्गत जब्ती की गई है। थाना अंतर्गत अवैध की तस्करी करते ट्रक में 530 पेटी शराब जब्त की है।
सालभर में 410 किलो गांजा और 233 ग्राम ब्राउन शुगर, 152 ग्राम हेरोईन पकड़ा गया इसी तरह वर्ष 2022 में एनडीपीएस एक्ट अंतर्गत 46 प्रकरणों में 107 किलोग्राम गांजा एवं 120 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया है, वर्ष 2023 में एनडीपीएस एक्ट में 72 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं, जिसमें 410 किलोग्राम गांजा, 233 ग्राम ब्राउन शुगर एवं 152 ग्राम हेरोईन बरामद किया गया है।
प्रतिबंधात्मक कार्रवाई दोगुनी और आर्म्स एक्ट में 39 फीसदी अधिक जिले में अपराध एवं अपराधियों पर नियंत्रण करने के लिए वर्ष 2022 की तुलना में दोगुनी कार्रवाई की गई। वर्ष में 2022 में 7292 प्रकरणों में कार्रवाई हुई। जबकि वर्ष 2023 में 14572 प्रकरण में कार्रवाई हुई। इसी तरह चाकूबाजी जैसी घटनाओं को कम करने के लिए वर्ष 2022 आर्म्स एक्ट के 148 प्रकरण पंजीबद्ध किए। वर्ष 2023 में 206 प्रकरण दर्ज किए गए। ऐसे में वर्ष 2022 की तुलना में 39% अधिक कार्रवाई हुई।
जिले में ऑनलाइन धोखाधड़ी की शिकायत व सूचना के लिए गठित एन्टी क्राइम एवं साइबर यूनिट के पास ऑनलाइन ठगी की 2338 शिकायतें आईं, जिसमें 1 करोड़ 33 लाख 11 हजार 53 रुपए की रकम बैंक के माध्यम से होल्ड कराई। इसके अलावा कोर्ट के माध्यम से 7 लाख 21 हजार 59 रुपए की रकम पीड़ितों को वापस दिलाई। इसी प्रकार 320 लोगों के गुम मोबाइल को खोजकर उन्हें वापस कराया।