राष्ट्रपति के स्वागत में सजी राजधानी, माता हासी देवी की स्मृति में जारी होगा 200 रुपये का सिक्का

सिंधी समाज में उत्साह; लोकभवन के बाद नुआखाई पर्व के कार्यक्रम में होंगी शामिल, 2,000 से ज्यादा जवानों के हवाले सुरक्षा

राष्ट्रपति के स्वागत में सजी राजधानी, माता हासी देवी की स्मृति में जारी होगा 200 रुपये का सिक्का

रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दो दिवसीय दौरे के लिए रायपुर पहुंचने पर एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मंत्रियों, सांसदों और अन्य नेताओं ने उनका स्वागत किया। राष्ट्रपति लोकभवन में माता हासी देवी की स्मृति में 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी करेंगी।

सिंधी समाज के लिए गौरव का क्षण

शदाणी दरबार की पीठाधीश माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती पर जारी हो रहे इस सिक्के को लेकर सिंधी समाज में खासा उत्साह है। समाज के सदस्य लोकभवन पहुंचे हैं, जहां मुख्यमंत्री और कई मंत्री भी मौजूद हैं। भवन के बाहर पुलिस बल तैनात है।

शाम को सेवा सम्मान पर्व, कल बस्तर रवाना

मुख्यमंत्री साय के अनुसार, राष्ट्रपति सिक्का जारी करने के बाद शाम 4 बजे बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में नुआखाई पर्व पर आयोजित 'सेवा सम्मान पर्व' और 'युवा प्रबोधन' कार्यक्रम में शरीक होंगी। इसके बाद 23 अक्टूबर को वे बस्तर के जगदलपुर में मुरिया दरबार में शामिल होंगी।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर शहर में 2,000 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की तैनाती की तैयारी की गई है।