होली से पहले किसानों को 10,324 करोड़ की सौगात, बिलासपुर से CM साय ने किया ट्रांसफर
24.28 लाख किसानों को 10,324.84 करोड़ की आदान सहायता
*छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए होली से पहले खुशियों की बड़ी सौगात आई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर में आयोजित किसान सम्मेलन से कृषक उन्नति योजना के तहत प्रदेश के 24.28 लाख किसानों के खातों में 10,324.84 करोड़ रुपये की आदान सहायता राशि एक क्लिक में जारी की। इसके साथ ही जिले में 263 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 89 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास कर विकास की नई इबारत भी लिखी गई।*
बिलासपुर। होली के पहले किसानों के चेहरों पर मुस्कान लाने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार ने बड़ी आर्थिक सहायता जारी की है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिल्हा ब्लॉक के ग्राम रहंगी स्थित खेल मैदान में आयोजित किसान सम्मेलन से कृषक उन्नति योजना के तहत 24.28 लाख किसानों के खातों में 10,324.84 करोड़ रुपये की राशि सीधे हस्तांतरित की।
इसमें बिलासपुर जिले के 1,25,352 किसानों को 494.38 करोड़ रुपये की सहायता मिली। सरकार का दावा है कि इस राशि से किसानों को बीज, खाद और अन्य कृषि निवेश में सहूलियत मिलेगी, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
89 विकास कार्यों की सौगात
किसान सम्मेलन केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं रहा। मुख्यमंत्री ने जिले में 263.17 करोड़ रुपये लागत के 89 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।
15.99 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण 7 कार्यों का लोकार्पण
247.18 करोड़ रुपये के 82 नए कार्यों का शिलान्यास
इन परियोजनाओं में उच्चस्तरीय पुल निर्माण, प्रमुख सड़कों का उन्नयन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत ग्रामीण मार्ग, तखतपुर में नवीन मातृ-शिशु अस्पताल, बिलासपुर में फिजियोथेरेपी महाविद्यालय, सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन, छात्रावास और सिंचाई नहरों के जीर्णोद्धार जैसे कार्य शामिल हैं।
सरकार का कहना है कि इन योजनाओं से आवागमन सुगम होगा, स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं में विस्तार होगा तथा सिंचाई व्यवस्था बेहतर होने से कृषि उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा।
तैयारियों का लिया गया जायजा
सम्मेलन से पूर्व कलेक्टर संजय अग्रवाल ने विधायक धरमलाल कौशिक के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया था। जिला प्रशासन ने ब्लॉक स्तर पर अधिकारियों को किसानों की सहभागिता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी थी। पंचायत स्तर पर किसानों और महिलाओं को कार्यक्रम स्थल तक लाने के लिए वाहनों की व्यवस्था भी की गई थी।
ये रहे प्रमुख मौजूद
कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय आवासन एवं शहरी विकास राज्य मंत्री तोखन साहू ने की। उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, कृषि मंत्री रामविचार नेताम सहित कई जनप्रतिनिधि मंच पर उपस्थित रहे।
इसके अलावा विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल, धर्मजीत सिंह, सुशांत शुक्ला, दिलीप लहरिया, अटल श्रीवास्तव, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, राज्य पाठ्य पुस्तक निगम अध्यक्ष राजा पाण्डेय और जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अध्यक्ष रजनीश सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।
suntimes 