3 लाख नए वोटर्स के पास जाएगी BJP:प्रदेश के युवाओं से सीधे बात करेंगे PM मोदी....

3 लाख नए वोटर्स के पास जाएगी BJP:प्रदेश के युवाओं से सीधे बात करेंगे PM मोदी....

छत्तीसगढ़ के नए वोटर्स को भाजपा साधेगी। कोशिश यही है कि प्रदेश की सभी 11 लोकसभा सीटों पर भाजपा को जीत मिले। भारतीय जनता युवा मोर्चा अब एक नए अभियान से लोकसभा चुनावों के मद्देनजर काम करने जा रही है। युवा मोर्चा प्रदेश के 3 लाख नए वोटर्स को साधेगी। अपने नए अभियान के लिए सोमवार को भाजपा युवा मोर्चा ने पोस्टर भी लॉन्च किया।

भाजयुमो के इस अभियान का नाम है नवमतदाता। इसके डिजिटल लिंक और पोस्टर विमोचन किया गया। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत ने सोमवार को भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में कहा कि भाजपा ने आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर अपनी कार्य योजना बनाई हैै।  भाजयुमो नव मतदाता सम्मेलन करने जा रही है। इस अभियान से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 25 जनवरी को पूरे देशभर के 5000 और छत्तीसगढ़ के 176 स्थानों पर नव मतदाताओं से लाइव कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जुड़ेंगे। इसमें छत्तीसगढ़ के 3 लाख से ज्यादा नवयुवकों से प्रधानमंत्री मोदी सीधे संवाद करेंगे।

नए वोटर हैं भाजपा युवा मोर्चा का लक्ष्य।

नमो एप से जोड़े जा रहे युवा
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष भगत ने कहा है कि नमो एप से युवा जुड़कर प्रधानमंत्री मोदी की सरकार के 10 वर्षों की जन कल्याणकारी नीतियों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए एप के माध्यम से 100 दिन का चैलेंज कार्यक्रम रखा जा रहा है। इससे जुड़कर जो युवा उस चैलेंज को पूरा करते हुए शीर्ष पर रहेंगे, उन्हें प्रधानमंत्री श्री मोदी से मिलने का अवसर मिलेगा।

भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष भगत ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव के नेतृत्व में भाजयुमो आगामी लोकसभा चुनाव के लिए कमर कस चुका है और प्रदेश की सभी 11 लोकसभा सीटों में जनता के आशीर्वाद से कमल खिलाएंगे। युवा मोर्चा ने लोकसभा चुनाव के लिए अपनी रणनीति के तहत कार्ययोजना बनाई है। युवा मोर्चा अब मंडल सशक्तीकरण अभियान, नव मतदाता सम्मेलन, प्रदेश प्रोफेशनल युवा सम्मेलन, प्रदेश क्रीड़ा संगोष्ठी आदि विभिन्न रचनात्मक कार्यक्रमों के माध्यम से जनता तक पहुँचेगी।

भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष भगत ने कहा कि भाजयुमो द्वारा नव मतदाता सम्मेलन के लिए संपर्क अभियान चलाया जा रहा है जिसमें प्रदेश के पूरे 90 विधानसभाओं में प्रदेश भाजयुमो के पदाधिकारी का तीन दिवसीय आवासीय प्रवास सुनिश्चित किया गया है। प्रवास के दौरान छत्तीसगढ़ के सभी कॉलेज, शिक्षा संस्थानों, कोचिंग सेंटर आदि नव युवाओं से संपर्क कर उन्हें नमो एप, विकसित भारत एम्बेस्डर से जोड़ेंगे साथ ही साथ नमो नव मतदाता सम्मेलन 25 जनवरी 2024 के लिए ऑनलाइन पंजीयन कराया जाएगा। नव मतदाता सम्मेलन के लिए बार कोड व फोन नंबर जारी किया गया है। 7820078200 नंबर है, जिसमें मिसकॉल करके यूथ इस अभियान से जुड़ेंगे।