छत्तीसगढ़ को मिला 3,462 करोड़ का कर हस्तांतरण, मुख्यमंत्री साय ने जताया आभार
त्यौहारी मौसम में केंद्र का बड़ा कदम, विकास परियोजनाओं और लोककल्याण योजनाओं को मिलेगी रफ्तार
केंद्र सरकार ने कर हस्तांतरण के तहत छत्तीसगढ़ को 3,462 करोड़ रुपये जारी किए हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस राशि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहयोग नवरात्रि और दशहरा जैसे पावन अवसर पर प्रदेश की जनता के लिए एक अनमोल उपहार है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ को कर हस्तांतरण (Tax Devolution) के अंतर्गत केंद्र सरकार से 3,462 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्राप्त हुई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस वित्तीय सहयोग के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण का हार्दिक आभार प्रकट किया है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नवरात्रि और दशहरा जैसे शुभ अवसर पर केंद्र की यह पहल प्रदेशवासियों के लिए किसी उपहार से कम नहीं है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस राशि से राज्य की वित्तीय स्थिति और मजबूत होगी, विकास कार्यों में तेजी आएगी और कल्याणकारी योजनाओं को नई दिशा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि केंद्र और राज्य की "डबल इंजन सरकार" छत्तीसगढ़ को प्रगति एवं समृद्धि की ऊँचाइयों तक ले जाने के लिए पूरी तरह समर्पित है।
उल्लेखनीय है कि त्यौहारों को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार ने 1 अक्टूबर 2025 को राज्यों को कुल 1,01,603 करोड़ रुपये का अतिरिक्त कर हस्तांतरण जारी किया है। यह राशि 10 अक्टूबर 2025 को होने वाले नियमित मासिक हस्तांतरण के अतिरिक्त है, जिससे राज्यों को पूंजीगत व्यय और लोककल्याणकारी परियोजनाओं के वित्तपोषण में सहूलियत होगी।
suntimes 