गरबा पंडालों में सादे वेश में रहेगी पुलिस, महिलाओं से बदसलूकी करने वालों की खैर नहीं
पिंक पेट्रोल की महिला जवान गरबा ड्रेस में जुटेंगी सुरक्षा अभियान में, छेड़छाड़ और अवांछित फोटो-वीडियो बनाने वालों को पकड़ने की तैयारी
रायपुर। गरबा की धुन और डांडिया की मस्ती के बीच महिलाओं की सुरक्षा में कोई चूक न हो, इसके लिए रायपुर पुलिस ने खास रणनीति तैयार की है। नवरात्रि के आयोजनों में पिंक पेट्रोल यूनिट की महिला पुलिसकर्मी गरबा परिधान पहनकर आम लोगों के बीच रहेंगी। उनकी नजर उन लोगों पर होगी, जो भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं और युवतियों के साथ अभद्रता करते हैं या उनकी तस्वीरें और वीडियो बिना अनुमति बनाते हैं।
पुलिस कमिश्नरेट की इस पहल के तहत महिला जवानों को इस तरह तैनात किया जाएगा कि वे सामान्य प्रतिभागियों की तरह नजर आएं और संदिग्ध गतिविधियों की पहचान कर सकें। पंडाल के अंदर, प्रवेश द्वारों तथा भीड़भाड़ वाले हिस्सों में निगरानी रखी जाएगी। छेड़छाड़, आपत्तिजनक टिप्पणियों, पीछा करने और अवांछित फोटोग्राफी या वीडियोग्राफी की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
भीड़ के बीच संदिग्धों की पहचान पर जोर
गरबा आयोजनों में बड़ी संख्या में लोगों के जुटने के कारण सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती से संदिग्धों की पहचान करने और घटना होने पर तुरंत हस्तक्षेप करने में मदद मिलेगी। पंडालों के बाहर और आसपास की सड़कों पर भी पुलिस वाहन गश्त करेंगे। किसी भी आपात स्थिति में पिंक पेट्रोल यूनिट को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान महिलाओं को परेशान करने या उनकी निजता का उल्लंघन करने वालों के प्रति कोई नरमी नहीं बरती जाएगी। आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी और शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
मुसीबत में इन नंबरों पर करें संपर्क
रायपुर पुलिस ने महिलाओं से अपील की है कि वे किसी भी तरह की बदसलूकी या संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर चुप न रहें और तत्काल सूचना दें। इसके लिए पिंक पेट्रोल यूनिट का हेल्पलाइन नंबर 9479210932 जारी किया गया है। आपात स्थिति में 112 पर भी सहायता मांगी जा सकती है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी, ताकि महिलाएं बिना झिझक अपनी शिकायत दर्ज करा सकें।
suntimes 