टोलाघाट एनीकेट में डूबे युवक का शव बरामद, SDRF की टीम ने 20 फीट गहराई में चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
पाटन क्षेत्र में हादसे के बाद तत्काल मौके पर पहुंची बचाव टीम, गहरे पानी में सर्चिंग कर निकाला शव
पाटन (दुर्ग)। टोलाघाट एनीकेट में युवक के डूबने की सूचना पर एसडीआरएफ और अग्निशमन विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सफल रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। बुधवार को कंट्रोल रूम दुर्ग से सूचना प्राप्त हुई कि थाना पाटन क्षेत्र अंतर्गत टोलाघाट एनीकेट में एक युवक पानी में डूब गया है।
सूचना मिलते ही जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह के निर्देश पर एसडीआरएफ की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचकर टीम ने हालात का जायजा लिया और युवक की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
रेस्क्यू अभियान के दौरान एसडीआरएफ के डिप डाइविंग विशेषज्ञों ने करीब 20 फीट गहरे पानी में उतरकर खोजबीन की। लंबे प्रयास के बाद राजकुमार यादव और चंद्रप्रताप जघेल ने गहरे पानी से युवक के शव को बाहर निकाला। इसके बाद शव को आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
मृतक की पहचान शुभम वर्मा (28 वर्ष), पिता मोतीलाल वर्मा, निवासी गुढ़ियारी, रायपुर के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में शोक का माहौल है।
रेस्क्यू अभियान में राजकुमार यादव, चंद्रप्रताप जघेल, राजू महानंद, हबीब खान, राजेश नेताम, विनय, रमेश, भानुप्रताप, शारदा और दिलीप सहित एसडीआरएफ के जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम की तत्परता और तकनीकी दक्षता के चलते अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया गया।
suntimes 