पति-पत्नी और दो मासूम बच्चों की संदिग्ध मौत, सुसाइड नोट में वैवाहिक विवाद और अफेयर का जिक्र
दुर्ग-भिलाई में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से सनसनी, पुलिस हर पहलू से कर रही जांच
दुर्ग। दुर्ग-भिलाई में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक मकान से दंपती और उनके दो बच्चों के शव बरामद किए गए। मृतकों की पहचान गोविंद साहू (45), उनकी पत्नी चंचल साहू (40), बेटी दृष्टि साहू (13) और बेटे यशांत साहू (11) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी के शव कमरे में फांसी के फंदे पर लटके मिले, जबकि दोनों बच्चों के शव बिस्तर पर पड़े थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मौके से मिले सुसाइड नोट में पारिवारिक तनाव और वैवाहिक संबंधों में चल रही परेशानियों का उल्लेख किया गया है। नोट में पत्नी ने पति पर दूसरी महिलाओं से संबंध होने का आरोप लगाया है। साथ ही यह भी लिखा गया है कि लंबे समय से चल रहे विवाद और मानसिक तनाव के कारण उसने यह कदम उठाया।
पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि घटना से पहले घर में शराब का सेवन किया गया था। कमरे से शराब की बोतलें बरामद हुई हैं। प्रारंभिक जांच में बच्चों को पहले नशीला पदार्थ या नींद का इंजेक्शन दिए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
बताया जा रहा है कि गोविंद साहू शेयर ट्रेडिंग का काम करता था और भिलाई के प्रियदर्शिनी परिसर में उसका कार्यालय था। वहीं दोनों बच्चे शहर के एक निजी स्कूल में पढ़ाई कर रहे थे। परिवार सामाजिक रूप से सामान्य जीवन जीता दिखाई देता था, लेकिन अंदरूनी तनाव की जानकारी अब सामने आ रही है।
पुलिस को कमरे से दो हस्तलिखित नोट भी मिले हैं, जिनमें पति-पत्नी दोनों की लिखावट होने की बात कही जा रही है। जांच एजेंसियां मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और परिवार के करीबी लोगों से पूछताछ कर रही हैं।
मामले को लेकर एएसपी सिटी सुखनंदन राठौर ने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही घटना के कारणों की आधिकारिक पुष्टि की जाएगी।
suntimes 