धमधा में ट्रांसफॉर्मर से भड़की भीषण आग, खेत-खलिहान समेत लाखों की संपत्ति राख

डीहीपारा गांव में चिंगारी से फैली आग, फसल और चारा भी जला

दुर्ग। धमधा ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले ग्राम डीहीपारा में एक बार फिर आगजनी की बड़ी घटना सामने आई है। शनिवार को डॉ. जोहन वर्मा के खेत में लगे ट्रांसफॉर्मर से निकली चिंगारी ने अचानक आग पकड़ ली, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।

आग की चपेट में आकर खेत में लगी सेगोन की बॉडी ड्रिप पाइप सहित करीब 5 लाख रुपए से अधिक की संपत्ति जलकर राख हो गई। तेज लपटों ने पास में स्थित टीएस चनतारे के पैरावक (पशुओं का चारा) को भी अपनी गिरफ्त में ले लिया, जिससे नुकसान और बढ़ गया।

आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के खेतों में खड़ी गेहूं की फसल और पलारी भी जलकर नष्ट हो गई। घटना के समय ग्रामीणों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए ट्रैक्टर के जरिए पानी लाकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू पाना काफी मुश्किल साबित हुआ।

ग्रामीणों का आरोप है कि घटना की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई थी, लेकिन समय पर टीम मौके पर नहीं पहुंची। इसे लेकर लोगों में भारी नाराजगी देखी गई और प्रशासन की आपातकालीन व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

धमधा क्षेत्र में लगातार हो रही आगजनी की घटनाओं से किसान दहशत में हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ट्रांसफॉर्मरों की नियमित जांच, सुरक्षा व्यवस्था और फायर ब्रिगेड की तत्परता सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।

“ट्रांसफॉर्मर से अचानक चिंगारी निकली और देखते ही देखते आग फैल गई। हमने खुद प्रयास कर आग बुझाई, लेकिन फायर ब्रिगेड समय पर नहीं पहुंची, जिससे भारी नुकसान हो गया।”

 डॉ. जोहन वर्मा, पीड़ित