बच्चों के झगड़े ने लिया खूनी रूप, 15-20 हमलावर घर में घुसे; 7 घायल
कोर्ट तक पहुंची पुरानी रंजिश के बीच बच्चों की कहासुनी ने भड़काया विवाद; लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और चाकू से हमला, इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
दुर्ग के सिद्धार्थनगर में शुक्रवार रात बच्चों के बीच हुई मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। पुरानी रंजिश से जुड़े दो परिवार आमने-सामने आ गए और एक पक्ष के लोगों ने कथित तौर पर दूसरे पक्ष के घर में घुसकर हमला कर दिया। लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और चाकू से हुए हमले में सात लोग घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।
दुर्ग। सिद्धार्थनगर क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुरानी रंजिश एक बार फिर हिंसक टकराव में बदल गई। कुंडे और परिहार परिवार के बीच पहले से चला आ रहा विवाद बच्चों के बीच हुई कहासुनी के बाद अचानक उग्र हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर एक पक्ष के 15 से 20 लोग लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और धारदार हथियार लेकर परिहार परिवार के घर पहुंच गए। आरोप है कि हमलावरों ने घर में घुसकर तोड़फोड़ की और परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया।
हमले में सात लोग घायल हुए हैं। घायलों में कुछ के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं, जबकि कुछ को चाकू लगने की जानकारी सामने आई है। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि परिहार परिवार की बुजुर्ग महिला के उपचार के लिए बालाघाट से आए रिश्तेदार भी घटना के समय घर में मौजूद थे। बीच-बचाव करने के दौरान वे भी हमले की चपेट में आकर घायल हो गए।
घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई। हालात को नियंत्रित रखने के लिए पुलिस ने क्षेत्र में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है। कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
suntimes 