101 फीट के रावण दहन पर रहेगी नजर, रायपुर में दशहरा उत्सव की तैयारियां पूरी
डब्ल्यूआरएस मैदान के पास 12 घंटे धीमी रफ्तार से गुजरेंगी ट्रेनें, 250 सुरक्षाकर्मी तैनात; शहर के कई मैदानों में होंगे आयोजन
रायपुर। बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व विजयादशमी मंगलवार को राजधानी में उत्साह के साथ मनाया जाएगा। शहर के विभिन्न इलाकों में दशहरा समितियों ने आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली हैं। डब्ल्यूआरएस मैदान में 101 फीट ऊंचे रावण का दहन किया जाएगा। बोरियाखुर्द में तीन पुतलों का दहन होगा, जबकि सप्रे स्कूल मैदान में 50 फीट ऊंचे रावण को जलाया जाएगा। रावणभाठा और बीटीआई मैदान में भी दशहरा कार्यक्रम होंगे।
इस वर्ष पुतला निर्माण की लागत में 15 से 20 प्रतिशत तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पुतले बनाने में इस्तेमाल होने वाले बांस, कागज, कपड़े, रंग और सजावटी सामान महंगे होने से आयोजकों का बजट बढ़ा है। इसके बाद भी समितियां उत्सव को आकर्षक बनाने के लिए जुटी हुई हैं।
डब्ल्यूआरएस मैदान के लिए रेलवे की विशेष व्यवस्था
डब्ल्यूआरएस मैदान के समीप से मुंबई-हावड़ा रेल मार्ग गुजरता है। उत्सव के दौरान लोगों की भीड़ पटरियों के पास पहुंचने से दुर्घटना की आशंका रहती है। इसे ध्यान में रखते हुए रेलवे ने मंगलवार दोपहर 12 बजे से रात 12 बजे तक उरकुरा और रायपुर स्टेशन के बीच ट्रेनों की गति अधिकतम 15 किमी प्रति घंटा रखने का निर्णय लिया है।
इस अवधि में लोको पायलट लगातार हॉर्न बजाते हुए ट्रेनों का संचालन करेंगे। जरूरत पड़ने पर ट्रेन को रोका भी जा सकेगा। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, गति सीमित होने से ट्रेनों के परिचालन में सामान्यतः पांच मिनट और भीड़भाड़ की स्थिति में 10 मिनट तक का विलंब हो सकता है।
रेलवे लाइन के आसपास बैरिकेडिंग
भीड़ को नियंत्रित करने और लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखने के लिए ट्रैक के पास बैरिकेडिंग की जाएगी। रेलवे सुरक्षा बल, जीआरपी और स्थानीय पुलिस के करीब 250 जवान सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेंगे। माइक से नियमित घोषणाएं कर लोगों को रेल पटरियों से दूर रहने की अपील की जाएगी। सुरक्षा कर्मी ट्रैक के आसपास लगातार निगरानी रखेंगे।
डब्ल्यूआरएस मैदान में दोपहर से दर्शकों की भीड़ बढ़ने की संभावना है। शाम को फाफाडीह से मैदान तक यातायात का दबाव बढ़ सकता है। प्रशासन और पुलिस की टीमें व्यवस्था संभालने के लिए तैनात रहेंगी।
बोरियाखुर्द में रामलीला के बाद होगा पुतला दहन
बोरियाखुर्द के खेल मैदान में आयोजित दशहरा सांस्कृतिक महोत्सव में 45 फीट के रावण और 30-30 फीट के कुंभकर्ण व मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा। कार्यक्रम में पतंग उत्सव, सांस्कृतिक नृत्य और योग प्रदर्शन भी होंगे। शाम पांच बजे पूजा-अर्चना और दीप प्रज्वलन के बाद 5:30 बजे रामलीला होगी। इसके पश्चात पुतला दहन और आतिशबाजी की जाएगी। रात आठ बजे सन्नी अलबेला और उनकी टीम भजनों की प्रस्तुति देगी।
सप्रे स्कूल मैदान में शाम छह बजे दहन
बूढ़ापारा के सप्रे स्कूल मैदान में शाम चार बजे से भक्ति संगीत का कार्यक्रम शुरू होगा। शाम छह बजे भगवान श्रीराम और लक्ष्मण की झांकी के साथ 50 फीट ऊंचे रावण का दहन किया जाएगा। आधे घंटे बाद आतिशबाजी होगी। आयोजन समिति पिछले 15 वर्षों से यहां दशहरा उत्सव आयोजित कर रही है।
रावणभाठा और बीटीआई में भी तैयारियां
रावणभाठा मैदान में नगर निगम की ओर से साफ-सफाई, रोशनी, पेयजल और अग्निशमन की व्यवस्थाएं की जा रही हैं। शंकर नगर के बीटीआई मैदान में खम्हारडीह सार्वजनिक दशहरा एवं सांस्कृतिक समिति की ओर से कार्यक्रम आयोजित होगा। तैयारियों का शुभारंभ नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव ने भूमिपूजन कर किया। उन्होंने पूजा-अर्चना के साथ आयोजन की सफलता की कामना की।
suntimes 