अयोध्या राम मंदिर दान चोरी मामले पर भिलाई कांग्रेस का मौन विरोध, हनुमान मंदिर में लगाई न्याय की गुहार

काली पट्टी बांधकर किया प्रदर्शन, भगवान हनुमान को अर्जी सौंप दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग

भिलाईनगर। अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में दान की राशि की कथित चोरी के मामले को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी भिलाई ने मंगलवार को सेक्टर-9 स्थित हनुमान मंदिर परिसर में मौन प्रदर्शन किया। काली पट्टी बांधकर पहुंचे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भगवान श्री हनुमान के समक्ष अर्जी प्रस्तुत कर दोषियों को दंडित करने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कठोर कार्रवाई की मांग की।

भिलाईनगर। अयोध्या के श्रीराम मंदिर में दान की राशि की कथित चोरी के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी भिलाई ने मंगलवार शाम सेक्टर-9 स्थित मेन हॉस्पिटल परिसर के हनुमान मंदिर के बाहर मौन प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने विरोध स्वरूप अपने मुंह पर काली पट्टी बांध रखी थी।

करीब आधे घंटे तक मौन रखकर विरोध दर्ज कराने के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने मंदिर के पुजारियों एवं ब्राह्मणों के माध्यम से भगवान श्री हनुमान को अर्जी सौंपी। अर्जी में दान राशि की चोरी के दोषियों को उनके कर्मों के अनुसार दंड मिलने और मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक जिम्मेदारों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की प्रार्थना की गई।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने कहा कि श्रीराम मंदिर जैसे आस्था के केंद्र में दान और चढ़ावे की चोरी अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में अब तक वास्तविक जिम्मेदारों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं।

पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि कार्रवाई के नाम पर केवल छोटे कर्मचारियों को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है, जबकि पूरे प्रकरण के असली दोषियों तक जांच नहीं पहुंची है। उन्होंने निष्पक्ष जांच कर सभी जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन में पूर्व विधायक बी.डी. कुरैशी, महापौर नीरज पाल, पूर्व महापौर नीति लोधी, जितेंद्र साहू, बृजमोहन सिंह, अतुल साहू, सीजू एंथोनी, संदीप निरंकारी सहित जिला कांग्रेस कमेटी के अनेक पदाधिकारी एवं सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इसके अलावा नरसिंह नाथ, जी. राजू, दिनेश पटेल, सौरभ दत्ता, सौरभ मिश्रा, मोहम्मद रफीक, भूपेंद्र यादव, सुभद्रा सिंह, राजेश साहू, लालचंद वर्मा, प्रभाकर जनबंधु, इमरान अंसारी तथा अन्य कांग्रेसजन भी कार्यक्रम में शामिल हुए।