आंधी-तूफान का कहर: कोरबा में दीवार गिरने से परिवार मलबे में दबा, तीनों गंभीर

निर्माणाधीन मकान की तीसरी मंजिल ढही; प्रदेश में अगले दो दिन लू के साथ तेज हवा, बिजली और बारिश का अलर्ट

आंधी-तूफान का कहर: कोरबा में दीवार गिरने से परिवार मलबे में दबा, तीनों गंभीर

रायपुर/कोरबा। प्रदेश में मौसम के दोहरे तेवर देखने को मिल रहे हैं। जहां एक ओर रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग में अगले दो दिनों तक लू चलने की चेतावनी जारी की गई है, वहीं दूसरी ओर तेज आंधी-तूफान और हल्की बारिश ने खतरा बढ़ा दिया है। मौसम विभाग के अनुसार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, साथ ही गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका भी बनी हुई है।

इसी बीच रविवार देर रात कोरबा जिले के कुसमुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रेम नगर (कपाटमुडा रोड) में एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां आंधी-तूफान के दौरान एक निर्माणाधीन मकान की तीसरी मंजिल की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। यह दीवार पास ही स्थित अजय धनवार के मकान पर आ गिरी, जिससे घर के अंदर सो रहे अजय, उनकी पत्नी और बच्चा मलबे में दब गए।

हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए मलबा हटाकर तीनों घायलों को बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया। सभी की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना में घर का सामान भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। प्रारंभिक जांच में निर्माण कार्य में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश से ओडिशा तक सक्रिय ट्रफ लाइन का असर छत्तीसगढ़ पर पड़ रहा है। इसके चलते अगले पांच दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। प्रदेश में जहां अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने, तेज आंधी के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और निर्माणाधीन या कमजोर संरचनाओं से दूरी बनाए रखने की सलाह दी है।