भिलाई में घरेलू विवाद बना जानलेवा: पत्नी ने सिलबट्टे से वार कर पति की हत्या की

छावनी थाना क्षेत्र के दुर्गा पारा में वारदात; आरोपी महिला गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजी गई

भिलाई में घरेलू विवाद बना जानलेवा: पत्नी ने सिलबट्टे से वार कर पति की हत्या की

भिलाई। शहर के दुर्गा पारा, कैम्प-02 क्षेत्र में घरेलू कलह के चलते एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक महिला ने विवाद के दौरान आवेश में आकर अपने पति पर सिलबट्टे से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही छावनी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था, जो घटना के दिन हिंसक रूप ले बैठा।

पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी हीरामणि साहू को विधिवत गिरफ्तार किया। घटना में प्रयुक्त सिलबट्टा भी जप्त कर लिया गया है।

आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

प्रारंभिक तौर पर इस घटना का मुख्य कारण घरेलू विवाद ही बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।