ब्रेकिंग न्यूज : नहर किनारे मिली युवती की जली हुई लाश, उतई क्षेत्र में मचा हड़कंप
90% तक झुलसा शव, पहचान अज्ञात; पुलिस ने हत्या की आशंका जताई, एफएसएल टीम जांच में जुटी
उतई थाना क्षेत्र के ग्राम पुराई में नहर किनारे शनिवार देर रात एक युवती का बुरी तरह जला हुआ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पहचान अज्ञात होने से मामला और पेचीदा हो गया है। पुलिस इसे गंभीर अपराध मानते हुए जांच तेज कर चुकी है।
उतई। उतई थाना क्षेत्र के ग्राम पुराई में नहर किनारे एक युवती का भारी रूप से झुलसा शव मिलने से रविवार सुबह पूरे क्षेत्र में खलबली मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पाया कि शव लगभग 90 प्रतिशत तक जला हुआ था और नहर में पड़े एक पैर के सहारे उसकी हत्या और बाद में शव जलाने की आशंका बलवती हो रही है।
सूचना मिलते ही उतई पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र करने में जुट गई। जांच अधिकारियों का मानना है कि युवती की हत्या कहीं और कर उसके शव को नहर किनारे लाकर आग के हवाले किया गया है। हालांकि मृतका की पहचान अब तक नहीं हो पाई है, जिससे जांच कठिन हो रही है।
एसडीओपी अनूप लकड़ा ने मौके का निरीक्षण करते हुए कहा कि मृतका की शिनाख्त करना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि "आरोपी चाहे कोई भी हो, उसे हर हाल में कानून के कठघरे में लाया जाएगा। घटना की गंभीरता को देखते हुए हर संभव कार्रवाई की जा रही है।"
पुलिस आसपास के गांवों में गुमशुदगी की रिपोर्टों की पड़ताल कर रही है तथा फुटेज और अन्य तकनीकी सुरागों की भी मदद ली जा रही है। अधिकारियों को उम्मीद है कि जल्द ही मामले में महत्वपूर्ण सुराग मिलेंगे और घटना की पूरी तस्वीर सामने आ सकेगी।
suntimes 