भिलाई स्टील प्लांट के मुद्दों पर आंदोलन: विधायक देवेंद्र यादव के समर्थन में उतरे सामाजिक संगठन

भिलाई स्टील प्लांट के मुद्दों पर आंदोलन: विधायक देवेंद्र यादव के समर्थन में उतरे सामाजिक संगठन

भिलाई स्टील प्लांट से जुड़े श्रमिक और नागरिक हितों के मुद्दों को लेकर विधायक देवेंद्र यादव का सत्याग्रह आंदोलन तीसरे दिन भी जारी है। सरकार और बीएसपी प्रबंधन की नीतियों के खिलाफ चल रहे इस आंदोलन को अब व्यापक जनसमर्थन मिलने लगा है। सत्याग्रह स्थल पर पहुंचकर पूर्व विधायक अरुण वोरा ने अनशन पर बैठे विधायक के स्वास्थ्य की जानकारी ली और प्रबंधन से तत्काल संवाद की मांग की।

भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट और उससे जुड़े श्रमिक हितों को लेकर विधायक देवेंद्र यादव द्वारा शुरू किया गया सत्याग्रह आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। रिटेंशन स्कीम, निजीकरण, सेक्टर-9 अस्पताल, आवास सुविधा, न्यूनतम वेतन, 39 माह के बकाया एरियर और बोनस जैसे मुद्दों पर चल रहे इस आंदोलन को ट्रेड यूनियनों के साथ-साथ सामाजिक संगठनों का भी समर्थन मिल रहा है।

सत्याग्रह के तीसरे दिन पूर्व विधायक अरुण वोरा आंदोलन स्थल पर पहुंचे और अनशन पर बैठे विधायक देवेंद्र यादव के स्वास्थ्य की जानकारी ली। लगातार अनशन को देखते हुए उन्होंने चिंता व्यक्त की और कहा कि लंबा अनशन स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकता है।

बीएसपी मैनेजमेंट पर सवाल

अरुण वोरा ने बीएसपी प्रबंधन से अपील की कि वह हठधर्मिता छोड़कर भिलाई स्टील प्लांट और मिलाइयंस के हितों के खिलाफ मानी जा रही नीतियों पर पुनर्विचार करे। उन्होंने कहा कि विधायक देवेंद्र यादव भिलाई को बचाने के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं और उनके स्वास्थ्य से खिलवाड़ किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा।

प्रशासन से स्वास्थ्य निगरानी की मांग

वोरा ने जिला प्रशासन से मांग की कि सत्याग्रह के दौरान विधायक देवेंद्र यादव की नियमित स्वास्थ्य जांच कराई जाए। साथ ही उन्होंने प्रशासन और बीएसपी प्रबंधन से अपील की कि सत्याग्रह में उठाए जा रहे मुद्दों को लेकर विधायक, बीएसपी यूनियनों और जनप्रतिनिधियों को विश्वास में लेकर तुरंत चर्चा शुरू की जाए।

संवाद नहीं हुआ तो हालात बिगड़ सकते हैं

पूर्व विधायक ने कहा कि पिछले तीन दिनों से युवा विधायक देवेंद्र यादव और अन्य प्रतिनिधि भिलाई की जनता के हितों के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन अब तक न तो प्रशासन और न ही बीएसपी प्रबंधन ने संवाद की पहल की है, जो दुर्भाग्यजनक है। बातचीत और समाधान के बिना हालात सुधरने की उम्मीद नहीं की जा सकती।

सत्याग्रह स्थल पर रहे मौजूद

इस दौरान सत्याग्रह स्थल पर पूर्व महापौर आर.एन. वर्मा, सीजू एंथोनी, फत्ते सिंह भाटिया, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अजय मिश्रा और राजकुमार पाली सहित कई जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।