कोरबा में AI का खौफनाक इस्तेमाल: नाबालिग का फर्जी अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल, नहीं मिलने पर ग्रुप में वायरल
मिलने से इनकार करने पर गांव के व्हाट्सएप ग्रुप में किया वायरल
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक के दुरुपयोग का एक गंभीर मामला सामने आया है। एक युवक पर नाबालिग छात्रा की एआई जनरेटेड अश्लील फोटो और वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल करने और व्हाट्सएप ग्रुप में वायरल करने का आरोप है। शिकायत के कई दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं होने से पीड़ित परिवार दहशत में है।
कोरबा। पाली थाना क्षेत्र के ग्राम बनबंधा में 25 वर्षीय युवक द्वारा नाबालिग लड़की को निशाना बनाकर एआई तकनीक से फर्जी अश्लील फोटो और वीडियो तैयार करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने इन आपत्तिजनक सामग्री के जरिए नाबालिग को मिलने के लिए दबाव बनाया।
जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक लंबे समय से नाबालिग छात्रा को परेशान कर रहा था। उसने लड़की की एआई जनरेटेड आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बनाकर उसे भेजा और धमकी दी कि अगर वह मिलने नहीं आई, तो इन तस्वीरों और वीडियो को सार्वजनिक कर देगा।
मना करने पर ग्रुप में किया वायरल
पीड़िता द्वारा मिलने से साफ इनकार करने पर आरोपी ने कथित तौर पर वह फर्जी अश्लील फोटो और वीडियो गांव के व्हाट्सएप ग्रुप में वायरल कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पीड़िता और उसके परिजनों ने 5 दिसंबर 2025 को थाना पाली में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की और मामले की जिम्मेदारी कटघोरा थाना प्रभारी धरम नारायण तिवारी को सौंपी गई।
18 दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं
शिकायत के करीब 18 दिन बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से पीड़ित परिवार में आक्रोश है। इसी बीच आरोपी द्वारा लगातार धमकियां दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है। परिजनों के मुताबिक आरोपी खुलेआम कह रहा है कि उसने पुलिस और साइबर तंत्र को “खरीद लिया” है और उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।
एसपी कार्यालय पहुंचा पीड़ित परिवार
आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने और धमकियों से परेशान होकर पीड़िता के परिजन 22 दिसंबर 2025 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। उन्होंने मामले की गंभीरता बताते हुए तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने मामले को गंभीर बताते हुए आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।
डर और मानसिक तनाव में पीड़िता
पीड़िता नाबालिग छात्रा है और वर्तमान में स्कूल में पढ़ाई कर रही है। घटना और लगातार मिल रही धमकियों के चलते वह मानसिक रूप से भयभीत है। परिजनों का कहना है कि बच्ची पर इस घटना का गहरा असर पड़ा है।
फिर दर्ज कराई गई शिकायत
आरोपी द्वारा जान से मारने की धमकियां दिए जाने के बाद पीड़िता के परिवार ने 22 दिसंबर को थाना पाली में एक और शिकायत दर्ज कराई। इसके बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी अब तक नहीं हो सकी है।
समाज और परिवार की मांग
स्थानीय समाज और पीड़ित परिवार ने पुलिस से मांग की है कि इस गंभीर साइबर अपराध में आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।
suntimes 