महादेव सट्टा का पैनल चलाने वाला सिपाही सहदेव बर्खास्त.....दुर्ग एसपी बोले- 127 दिन ड्यूटी से गैरहाजिर रहा......

महादेव सट्टा का पैनल चलाने वाला सिपाही सहदेव बर्खास्त.....दुर्ग एसपी बोले- 127 दिन ड्यूटी से गैरहाजिर रहा......

महादेव सट्टा ऐप का पैनल चलवाने और इससे जुड़े लेनदेन के मामले में आरोपी छत्तीसगढ़ पुलिस के सिपाही सहदेव यादव को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। दुर्ग एसपी जितेंद्र शुक्ला ने बर्खास्तगी का आदेश जारी किया है। सहदेव को कुछ दिन पहले राजनांदगांव जिले के सोमनी से गिरफ्तार किया गया था और वो इस समय जेल में है।

दुर्ग एसपी जितेंद्र शुक्ला ने जो बर्खास्तगी आदेश जारी किया है उसमें सहदेव यादव के ड्यूटी में अनुपस्थित रहने का जिक्र है। इसके लिए उसे दो बार पहले भी दंडित किया जा चुका है। इसके बाद उसे जेवरा सिरसा चौकी में पदस्थ किया गया था, लेकिन वहां भी बिना किसी अनुमति और पूर्व सूचना के वो 127 दिन ड्यूटी से अनुपस्थित रहा है। इसके लिए उसका एक वेतनमान वृद्धि भी रोका गया है।

थाना कुम्हारी में पदस्थापना के दौरान भी 6 जुलाई 2022 से 9 नवंबर 2022 तक वो ड्यूटी से अनुपस्थित रहा। इसके साथ ही उसने अपने एसबीआई अकाउंट से बिना किसी अधिकारी की स्वीकृति के बड़ी राशि का लेनदेन किया है। जो पुलिस रेग्युलेशन और एमपी/सीजी सिविल सेवा आचरण नियम के खिलाफ है। इसलिए विभागीय जांच के बाद उसकी सेवा समाप्त करते हुए उसे बर्खास्त किया गया है। 

एसपी के आदेश में स्पष्ट रूप से लिखा गया है कि स्मृति नगर चौकी में तैनाती के दौरान 3 दिसंबर 2023 को उसकी ड्यूटी मतगणना के रिहर्सल में लगाई गई थी। महत्वपूर्व ड्यूटी होने के बाद भी वो वहां नहीं पहुंचा। प्रवर्तन निदेशालय, वित्त मंत्रालय भारत सरकार के रायपुर जोनल कार्यालय से उसकी जांच शुरू की गई और समन भी भेजा गया, लेकिन उसकी तामीली नहीं हुई। सहदेव यादव को इसकी जानकारी हो गई थी कि ईडी उसके ऊपर कार्रवाई करने वाली है, इसीलिए समन से पहले ही वो फरार हो गया था।