छत्तीसगढ़ में ED की बड़ी कार्रवाई, दुर्ग-बिलासपुर में बिल्डर और कारोबारियों के ठिकानों पर छापे
दुर्ग में चतुर्भुज राठी के निवास-दफ्तर की जांच, बिलासपुर में ज्वेलर्स कारोबारी विवेक अग्रवाल के यहां दबिश; वित्तीय लेनदेन और घोटाले से जुड़े दस्तावेज खंगाले
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गुरुवार को छत्तीसगढ़ में बड़ी कार्रवाई करते हुए दुर्ग और बिलासपुर में कई कारोबारी ठिकानों पर छापेमारी की। दुर्ग में बिल्डर और कारोबारी चतुर्भुज राठी के घर-दफ्तर समेत अन्य स्थानों पर जांच की गई, जबकि बिलासपुर में सर्राफा कारोबारी विवेक अग्रवाल के निवास और प्रतिष्ठान पर दबिश दी गई
दुर्ग/भिलाई/बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में आर्थिक मामलों की जांच को लेकर प्रवर्तन निदेशालय ने एक बार फिर बड़ा अभियान चलाया है। गुरुवार सुबह ईडी की टीमों ने दुर्ग, भिलाई और बिलासपुर में कई कारोबारियों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई के बाद संबंधित क्षेत्रों में हलचल का माहौल रहा।
दुर्ग में अमर इंफ्रा के संचालक और भाजपा नेता चतुर्भुज राठी के निवास तथा कार्यालय पर ईडी अधिकारियों ने दबिश दी। बताया जा रहा है कि टीम उनके विभिन्न फर्मों से जुड़े वित्तीय दस्तावेज, निवेश रिकॉर्ड और कारोबारी लेनदेन की जांच कर रही है। वहीं भिलाई में कारोबारी गोविंद मंडल के निवास और फैक्ट्री परिसर में भी जांच जारी रही।
उधर बिलासपुर में सर्राफा कारोबारी विवेक अग्रवाल के घर और सदर बाजार स्थित श्री राम ज्वेलर्स पर ईडी के अधिकारियों ने तलाशी अभियान चलाया। सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई वित्तीय लेनदेन और कथित सिंडिकेट से जुड़े मामलों की पड़ताल के तहत की जा रही है।
बताया जा रहा है कि जांच एजेंसी विभिन्न कारोबारी समूहों, निवेश स्रोतों, संपत्ति खरीद-बिक्री और बैंकिंग लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों को खंगाल रही है। अधिकारियों ने फिलहाल आधिकारिक रूप से कार्रवाई के विस्तृत कारणों का खुलासा नहीं किया है।
सूत्रों के मुताबिक ईडी की जांच राज्य में पूर्व में सामने आए आर्थिक अनियमितताओं, भूमि मुआवजा प्रकरणों और अन्य वित्तीय मामलों से जुड़े पहलुओं तक भी पहुंच रही है। एजेंसी विभिन्न जिलों में दस्तावेजी साक्ष्य जुटाकर कड़ियों को जोड़ने में लगी है।
कार्रवाई के दौरान संबंधित परिसरों के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई। टीमों ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड और लेनदेन से जुड़े कागजात जब्त किए जाने की संभावना जताई है।
ईडी की इस ताजा कार्रवाई को राज्य में आर्थिक अपराधों और संदिग्ध निवेश मामलों की जांच के लिहाज से अहम माना जा रहा है। आने वाले दिनों में पूछताछ और नए खुलासों की संभावना भी जताई जा रही है।
suntimes 